Listen to this article

जोगिंदर नगर प्रशासन की नाक के नीचे ही नहीं अपितु मिलीभगत से हो रहा है सब कुछ। क्या हाई कोर्ट खुद संज्ञान लेगा या हमें हाई कोर्ट जाना पड़ेगा।

टिकरी मुशैहरा की दलित बस्ती को जाने वाली कई दशकों पुरानी सड़क को बाहर से आकर भी कब्जा कर दिया गया। रसूख का इस्तेमाल कर गांववासियों को डराया धमकाया गया। 2014 में मेरे संज्ञान में जब मुद्दा आया तो किसान सभा बनाकर हमने संघर्ष शुरू किया। नए सिरे से निशानदेही करवाई। कब्जे की पुष्टि हुई और बीच सड़क पर अवैध दीवार को गिराने का कार्य प्रशासन का था, लेकिन दीवार नहीं गिराई। 4 न्यायालयों से किसान सभा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने केस जीता। फिर भी उच्च न्यायालय ने 2018 में स्टे लगा दिया। फिर 2026 में उच्च न्यायालय ने जिला राजस्व अधिकारी मंडी को स्वयं इसकी निशानदेही करने का आदेश दिया और उस निशानदेही को अंतिम मानने का रास्ता खुला। जिला राजस्व अधिकारी मंडी ने स्वयं मौके पर आकर इसी साल निशानदेही की और पता चला कि सड़क की 5 बिस्वा, 6 बिस्वांसी भूमि पर अवैध दीवार खड़ी कर कब्जा किया गया है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट एडीएम मंडी को सौंपी, एडीएम मंडी ने एसडीएम जोगिंदर नगर को कार्यवाही करने बारे लिखा। इस बीच कब्जाधारी तहसीलदार संबंधित व संबंधित अधिकारियों से कई बार मिले। सलाह पाने के बाद खुद दीवार हटाने का ड्रामा किया और दो फुट पीछे दीवार लगानी शुरू कर दी। शनिवार को प्रशासन सोया रहा। रविवार को छुट्टी थी, नींद नहीं खुली, सोमवार को एसडीम, तहसीलदार मंडी मीटिंग को जाने थे और गए भी, मंगलवार को छुट्टी है। सलाह मशविरा बड़े सोच समझ के साथ किया गया लगता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *