जोगिंदर नगर के टिकरी मुशैहरा की दलित बस्ती की सड़क पर अवैध कब्जे का आरोप, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

जोगिंदर नगर, 25 नवम्बर

उपमंडल जोगिंदर नगर के टिकरी मुशैहरा गांव में दलित बस्ती को जोड़ने वाली दशकों पुरानी सड़क पर कथित अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर गरमा गया है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में सड़क को कब्जामुक्त करवाने की कार्रवाई जानबूझकर लटकाई जा रही है। ग्रामीणों ने यहां तक सवाल उठाया है कि क्या अब इस मामले में माननीय उच्च न्यायालय को स्वयं संज्ञान लेना पड़ेगा या फिर उन्हें दोबारा न्याय के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना होगा?

ग्रामीणों के अनुसार, टिकरी मुशैहरा की दलित बस्ती को जाने वाली कई दशकों पुरानी सड़क पर बाहर से आए लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया था। इस दौरान गांववासियों को कथित तौर पर डराने-धमकाने और रसूख का इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए। वर्ष 2014 में मामला संज्ञान में आने के बाद किसान सभा के बैनर तले ग्रामीणों ने सड़क को कब्जामुक्त करवाने के लिए संघर्ष शुरू किया। इसके बाद नए सिरे से निशानदेही करवाई गई, जिसमें सड़क की भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने का दावा किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बीचोंबीच खड़ी अवैध दीवार को हटाने की जिम्मेदारी प्रशासन की थी, लेकिन इसके बावजूद दीवार नहीं हटाई गई।

इस मामले में ग्रामीणों ने किसान सभा के नेतृत्व में चार न्यायालयों में कानूनी लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की। इसके बावजूद वर्ष 2018 में उच्च न्यायालय की ओर से मामले में स्टे लगाए जाने के कारण कब्जा हटाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

मामले में वर्ष 2026 में उच्च न्यायालय ने जिला राजस्व अधिकारी मंडी को स्वयं मौके पर पहुंचकर निशानदेही करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला राजस्व अधिकारी मंडी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निशानदेही की। ग्रामीणों के अनुसार, इस निशानदेही में सड़क की लगभग 5 बिस्वा 6 बिस्वांसी भूमि पर अवैध दीवार खड़ी कर कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई। अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट एडीएम मंडी को सौंपी, जिसके बाद एडीएम मंडी ने एसडीएम जोगिंदर नगर को नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए लिखा।

दो फुट पीछे दीवार लगाने से कैसे मिलेगा सड़क को न्याय?

ग्रामीणों का आरोप है कि इसी बीच कथित कब्जाधारी संबंधित तहसीलदार और अन्य अधिकारियों से कई बार मिले। इसके बाद दीवार को स्वयं हटाने का दिखावा करते हुए पुरानी जगह से करीब दो फुट पीछे नई दीवार लगाने का काम शुरू कर दिया गया। सवाल यह है कि जब उच्च न्यायालय के आदेश पर हुई आधिकारिक निशानदेही में सड़क की भूमि पर कब्जे की पुष्टि हो चुकी है, तो क्या केवल दीवार को दो फुट पीछे कर देना समस्या का समाधान माना जा सकता है?

ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शनिवार को कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को अवकाश रहा, सोमवार को एसडीएम और तहसीलदार के मंडी में बैठक के लिए जाने की बात सामने आई, जबकि मंगलवार को भी अवकाश है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई में हो रही इस देरी से कब्जाधारियों को अपनी मनमर्जी करने का मौका मिल रहा है।

प्रशासन से ग्रामीणों के सीधे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि जब उच्च न्यायालय के निर्देश पर जिला राजस्व अधिकारी स्वयं निशानदेही कर चुके हैं और रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों तक पहुंच चुकी है, तो फिर सड़क की भूमि को पूरी तरह कब्जामुक्त करवाने में देरी क्यों हो रही है? क्या प्रशासन आधिकारिक निशानदेही और न्यायालयों में ग्रामीणों को मिली राहत के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाएगा?

ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले में निष्पक्ष जांच करवाई जाए, सड़क की पूरी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करवाया जाए और न्यायालय के आदेशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अब देखना यह होगा कि जोगिंदर नगर प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करता है या फिर दशकों पुरानी सड़क को बचाने के लिए ग्रामीणों को एक बार फिर माननीय उच्च न्यायालय की शरण लेनी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *