सुरभि न्यूज़
मनाली
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंर्तगत नथान में 11 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले ग्राम पंचायत भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार सालों के दौरान अनेक नये स्वास्थ्य केन्द्र खोले गये हैं जबकि बहुत से स्वास्थ्य केन्द्रों को अपग्रेड किया गया है। गोविंद ठाकुर ने कहा कि छुट पुट गांवों को छोड़कर सभी गांवों तक सड़क पहुंचाने में कामयाब हुए हैं। विधानसभा क्षेत्र में बीते साढ़े चार सालों के दौरान अनेक स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों को अपग्रेड किया गया है और जंहा से भी वाजिब मांग आई वहां पर नये स्कूल तथा स्वास्थ्य केन्द्र खोले गये। उन्होंने स्थानीय पंचायत को दो लाख रुपये की भी घोषणा की। उन्होंने पंचायत प्रधान द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों को स्वीकार किया। गोविंद ठाकुर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के तहत पतलीकूहल में निजी क्षेत्र में बहुत बड़ा अस्पताल बनाया जाएगा जिसमें क्षेत्र के गरीब लोगों का मुफत में उपचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के निर्माण पर कांग्रेस के लोगों को आप्पति है। वह नहीं चाहते कि क्षेत्र का विकास हो। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में होटल प्रबंधन संस्थान खोला जाएगा और इसके लिये संभावनाओं का पता लगाया जा रहा है। हि.प्र. भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थानों में आज महिलाओं का बड़ा वर्चस्व है और 60 प्रतिशत महिलाएं लोगों की सेवा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने महिलाओं के लिये अनेक नई योजनाएं कार्यान्वित की है। मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत बीपीएल परिवारों की बेटियों को विवाह के समय 31 हजार रुपये का शगुन सरकार देती है जो बडी राहत उन परिवारों को बन जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना युवाओं को स्वरोजगार का बहुत बड़ा मौका प्रदान कर रही है। इसमें महिलाओं को 35 प्रतिशत तक का अनुदान है। स्थानीय प्रधान पुष्पा देवी ने स्वागत किया तथा पंचायत की मांगे रखी। मण्डलाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, पंचायत समिति के अध्यक्ष कुंदन ठाकुर, एस सी मोर्चा के अध्यक्ष शिव चंद, महामंत्री लेस राम, उपापयध्यक्ष भाजपा मण्डल गंगा सिंह के अलावा विभिन्न पंचायतों की प्रधानों में अजीता, पूनम, कौशल्या देवी व पंचायत समिति सदस्य इन्द्र देव ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे।