कुल्लू जिला के तीर्थन घाटी में बाहू-जिभी से लापता अफ्रीकी ग्रे तोता ‘स्काई’, परिवार ने लोगों से मांगी मदद

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
बंजार/जिभी (परस राम भारती)

जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की पर्यटन नगरी जिभी घाटी के बाहू गांव से एक परिवार का 10 माह का पालतू अफ्रीकी ग्रे तोता ‘स्काई’ लापता हो गया है। परिवार पिछले कई दिनों से अपने प्यारे पालतू पक्षी की तलाश में जुटा है और अब स्थानीय ग्रामीणों, होटल-होमस्टे संचालकों, वाहन चालकों, दुकानदारों और पर्यटकों से उसे खोजने में सहयोग की अपील की गई है।

परिवार के अनुसार नर अफ्रीकी ग्रे तोता ‘स्काई’ करीब 10 माह का है। उसके शरीर का रंग ग्रे या धूसर है, जबकि उसकी पूंछ लाल रंग की है। उसकी चोंच गहरे रंग की तथा चेहरा हल्के रंग का है। उसकी सबसे खास पहचान उसके दाहिने पैर में लगी धातु की अंगूठी है, जिस पर ‘एस.डी. एवियरी’ लिखा हुआ है।

मालिक उदित गर्ग के अनुसार स्काई 30 अप्रैल की रात करीब 11 बजे बाहू गांव स्थित हिडन वाटरफॉल कॉटेज से उड़ गया था। इसके बाद से परिवार लगातार जिभी और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रहा है। परिवार को आशंका है कि उड़ने के बाद वह आसपास के गांवों, बस्तियों या जंगल के इलाकों में चला गया होगा।

परिवार का कहना है कि स्काई उनके लिए महज एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि परिवार के एक सदस्य की तरह है। उसके लापता होने के बाद से परिवार उसकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

मालिक उदित गर्ग ने बताया कि स्काई अपने नाम ‘स्काई’ को पहचानता है। यदि वह कहीं दिखाई दे तो सुरक्षित दूरी से उसका नाम पुकारने पर उसके प्रतिक्रिया देने की संभावना है। मालिक के अनुसार वह अपने नाम के अलावा अन्य शब्दों पर विशेष प्रतिक्रिया नहीं देता। ऐसे में उसकी तलाश के दौरान ‘स्काई’ नाम लेकर पुकारना उपयोगी हो सकता है।

परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि जिभी या आसपास के क्षेत्र में ग्रे रंग का नर तोता दिखाई दे, जिसकी पूंछ लाल हो, तो उसके दाहिने पैर पर लगी धातु की अंगूठी को जरूर देखें। अंगूठी पर ‘एस.डी. एवियरी’ लिखा होना स्काई की पहचान का महत्वपूर्ण संकेत है।

यदि किसी व्यक्ति ने ऐसा तोता अपने घर, दुकान, होटल, होमस्टे, खेत अथवा आसपास के जंगल में देखा हो या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा ऐसा तोता मिलने की जानकारी मिली हो, तो बिना देरी किए परिवार से संपर्क करने की अपील की गई है।

परिवार ने लोगों से विशेष आग्रह किया है कि यदि स्काई कहीं दिखाई दे तो उसे पकड़ने के लिए तुरंत पीछा न करें और न ही उसे डराने का प्रयास करें। पक्षी जिस स्थान पर दिखाई दिया हो, वहां का स्थान और समय नोट करें और तत्काल परिवार को सूचना दें। यदि सुरक्षित दूरी से संभव हो तो उसकी तस्वीर भी ले लें, ताकि उसकी पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिल सके।

परिवार ने कहा है कि स्काई को खोजकर सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में मदद करने वाले व्यक्ति का हार्दिक आभार व्यक्त किया जाएगा और उसे उचित आर्थिक इनाम भी दिया जाएगा।

मालिक उदित गर्ग और उनके परिवार ने जिभी तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि यदि किसी को ‘स्काई’ दिखाई दे या उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत 93116 22116 पर संपर्क करें।परिवार की अपील है कि एक छोटी-सी सूचना भी स्काई को उसके परिवार तक सुरक्षित वापस पहुंचाने में बड़ी मददगार साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *