कुल्लू के सरस्वती विद्या मंदिर बाशिंग में एक साथ गूंजा वन्दे मातरम्, विद्यार्थियों ने दिखाया राष्ट्रभक्ति का जज्बा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, प्रताप अरनोट : 25 सितम्बर

कुल्लू के सरस्वती विद्या मंदिर बाशिंग में 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे ‘वन्दे मातरम्—एक समय, एक लय, एक स्वर’ के तहत ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्तमान और भावी पीढ़ी के मन में राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के प्रति गौरव और राष्ट्रभाव की भावना को जागृत करना रहा।

यह आयोजन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली की ओर से अमृतकाल के अवसर पर ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव से जोड़ने का संदेश दिया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य विजेता ठाकुर ने बताया कि इसी समय देशभर के करीब 25 हजार विभिन्न संस्थानों में विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया। इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में करीब एक करोड़ विद्यार्थियों एवं नागरिकों के शामिल होने की जानकारी दी गई।

सरस्वती विद्या मंदिर बाशिंग में भी विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों ने एक साथ ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम में अभिनव कश्यप, विभाग संयोजक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं ऋतिक कार्तिक, अध्यक्ष एवं जिला संयोजक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत बाशिंग की उपप्रधान निर्मला ठाकुर तथा विद्यालय प्रबंध समिति की कोषाध्यक्ष खुशी वर्मा भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व और देश की स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कुल्लू कॉलेज से पहुंचे विद्यार्थियों के साथ-साथ केडी स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थी भी शामिल हुए। प्रधानाचार्य विजेता ठाकुर ने कार्यक्रम में सहभागिता के लिए कुल्लू कॉलेज के विद्यार्थियों तथा केडी स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य राजेंद्र सहित शिक्षक वर्ग और विद्यार्थियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

इस विशाल राष्ट्रव्यापी सामूहिक गायन को और विशेष बनाते हुए देशभर में एक साथ आयोजित ‘वन्दे मातरम्’ गायन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा रिकॉर्ड प्रमाणन के लिए सूचीबद्ध किए जाने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल सामूहिक गायन तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति सामूहिक श्रद्धा, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।

सरस्वती विद्या मंदिर बाशिंग में आयोजित ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सामूहिक रूप से गूंजते ‘वन्दे मातरम्’ के स्वर ने विद्यालय परिसर को राष्ट्रभक्ति के वातावरण से भर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *