सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटा भंगाल घाटी के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में 6 दिसंबर 2021 को मुल्थान में लघु सचिवालय भवन का शिलान्यास किया गया था। करीब नौ करोड़ रुपये की स्वीकृत धनराशि से निर्मित इस लघु सचिवालय का निर्माण कार्य लगभग छह माह पहले ही पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक इसका लोकार्पण नहीं होने से घाटीवासियों में नाराजगी और कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
लघु सचिवालय मुल्थान का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बैजनाथ के तत्कालीन विधायक मुलख राज प्रेमी, कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के तत्कालीन सांसद किशन कपूर तथा तत्कालीन राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी की मौजूदगी में किया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद भवन को जनता के लिए शुरू नहीं किए जाने से लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
धरमान पंचायत के पूर्व प्रधान एवं बैजनाथ बीडीसी अध्यक्ष संजय ठाकुर ने कहा कि लघु सचिवालय मुल्थान के शुरू होने से छोटा भंगाल घाटी के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए 60 से 80 किलोमीटर दूर बैजनाथ स्थित विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। एक ही छत के नीचे कई प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय और धन दोनों बचेंगे।
संजय ठाकुर ने कहा कि घाटी के लोगों की सुविधा के लिए तैयार हो चुके लघु सचिवालय का जल्द से जल्द लोकार्पण किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रदेश सरकार घाटी की समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की कि लघु सचिवालय मुल्थान को शीघ्र जनता को समर्पित किया जाए। साथ ही घाटी में विभिन्न सरकारी संस्थानों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भी भरा जाए, ताकि ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं के लिए दूर-दराज न जाना पड़े।











