करोड़ों के मालिक हैं विधानसभा चुनाव में उतरे प्रत्याशी, जानें किसकी कितनी संपत्ति
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से घोषित प्रत्याशी करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। शुक्रवार को नामांकन पत्र के साथ दिए गए शपथपत्र मेंप्रत्याशियों ने यह जानकारी दी है। मनाली विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी गोविंद ठाकुर 4,28,99,558 रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। उनकी आय में प्रति वर्ष पांच लाख से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। गोविंद ठाकुर के पास एक लाख जबकि उनकी धर्मपत्नी रजनी ठाकुर के पास 36,200 रुपये नतद हैं। गोविंद ठाकुर के पास 2,50,000 का सोना है जबकि उनकी धर्म पत्नी रजनी ठाकुर के पास 15 लाख के आभूषण है। गोविंद ठाकुर के पास 26 लाख के दो वाहन हैं जबकि उनकी पत्नी के पास 10,65,013 रुपये का एक वाहन है। शुक्रवार को दिए शपथ पत्र में उन्होंने इसका उल्लेख किया है।
विक्रमादित्य के पास 96.97 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति
शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह के पास करीब 96.97 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। इसमें दो लाख रुपये नगदी के अलावा सोने, चांदी के गहने, वाहन, एलआईसी और बैंक में सेविंग के तौर पर 6.97 करोड़ की संपत्ति भी शामिल हैं।
अरबपति हैं रघुवीर बाली
पूर्व मंत्री जीएस बाली के पुत्र और नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रघुवीर सिंह बाली करोड़ों की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। आरएस बाली के पास 13 करोड़ रुपये चल संपत्ति है, जबकि अचल में 98 करोड़ रुपयों की संपत्ति दर्ज है। इसके अलावा उनके पास 180 ग्राम सोना और 1300 ग्राम चांदी है। छह करोड़ रुपये से ज्यादा का ऋण भी है। वहीं दूसरी ओर उनकी पत्नी के पास भी करोड़ों रुपये की चल व अचल संपत्ति है। रघुवीर सिंह बाली पर विभिन्न पुलिस थानों में कुछ मामले भी दर्ज हैं।
आशीष बुटेल के पास थार, फॉर्च्यूनर, इनोवा सहित 27 करोड़ से अधिक संपत्ति
विधानसभा क्षेत्र पालमुपर से कांग्रेस प्रत्याशी आशीष बुटेल के पास 69,19,157 रुपये की चल संपत्ति और 27.2 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके पास थार, फॉर्च्यूनर, इनोवा और दो स्कूटी हैं। उन्होंने बीए और बीकॉम की पढ़ाई की है। उनके नाम 7.64 करोड़ रुपये की देनदारी भी है।
भारद्वाज 1.62 करोड़ संपत्ति के मालिक
कसुम्पटी क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज करीब 1.62 करोड़ की संपत्ति है। इनमें 62 लाख रुपये बैंक खाते में जमा राशि, गहने आदि की कीमत शामिल है।
अनिरुद्ध सिंह भी करोड़ों के मालिक
कसुम्पटी से कांग्रेस प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक अनिरुद्ध सिंह भी करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। इनके पास करीब दो किलो सोना, 20 किलो चांदी और जमीन समेत करीब 7.46 करोड़ की संपत्ति है। हालांकि, देनदारी भी करीब 6 करोड़ से ज्यादा है।
जनारथा 4 करोड़, संजय 1.45 करोड़ के मालिक
शिमला शहरी से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश जनारथा के पास छह गाड़ियां हैं। गहने, बैंक राशि, जमीन समेत कुल साढ़े चार करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। शिमला शहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय सूद भी करीब 1.45 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं।
14 करोड़ से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं अजय महाजन
विधानसभा क्षेत्र नूूरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी अजय महाजन के नाम 14,19,64,781 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनके पास तीन गाड़ियां इनोवा, फॉरच्यूनर और इसूजू और उनकी पत्नी के पास महिंद्रा बोलेरो गाड़ी है। अजय महाजन के नाम 1,47,55,794 करोड़ रुपये की देनदारी भी है। अजय महाजन ने स्नातक तक की पढ़ाई पूरी की है।








