सुरभि न्यूज़ ब्यूरो
केलांग, 12 जुलाई
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी व सीपीएस संजय अवस्थी लोसर से चंद्रताल के लिए हुए रवाना
मुख्यमंत्री ने चौपर से चंद्रताल के हवाई सर्वेक्षण करने के बाद सिस्सू हेलीपैड में उतरे और मीडिया से रूबरू हुए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि चंद्रताल में हालात मुश्किल भरे हैं। प्रशासन के अधिकारी व रेस्क्यू टीम मुश्किल भरे हालातों में प्रयास कर रहे हैं।
चंद्रताल में फंसे लोगों के रेस्क्यू के लिए बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी व सीपीएस संजय अवस्थी राहत और बचाव कार्यों का संचालन करेंगे। जगत सिंह नेगी व संजय अवस्थी लोसर से चंद्रताल के लिए रवाना हुए है। आज शाम तक चंद्रताल तक पहुंचेंगे, चंद्रताल में 293 के करीब लोग फंसे हुए हैं बीआरओ द्वारा सड़क मार्ग बहाली का कार्य जोरों पर किया जा रहा है।
जिला लाहौल स्पीति में हुए नुकसान का भी उन्होंने उपायुक्त राहुल कुमार से अपडेट लिया और कहा की लाहौल घाटी में भी फंसे हुए पर्यटकों को चरणबद्ध तरीके से मनाली भेजने की समुचित व्यवस्था करें उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि सिस्सू में मनाली के निजी स्कूल के बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर मनाली भेजने की व्यवस्था करें। इन बच्चों को फोरी राहत के तौर पर एक हजार प्रति छात्र प्रदान किया जाए और 2 घंटे में सुरक्षित मनाली पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि स्पीति से अधिकांश पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। विभिन्न स्थानों पर फंसे 20-25 वाहनों को भी निकालने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सिस्सू व पागल नाले में फंसे वाहनों को भी सुरक्षित निकालने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा की हिमाचल में भारी तबाही हुई है लोगों से अपील की है कि सरकार का इस घड़ी मे अपना साथ दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए मेहमानों को सही सलामत पहुंचाने का कार्य जोरों पर है। सभी को सुरक्षित निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी हालात का जायजा लिया।