सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, नगवाईं : 24 सितंबर
एनएचपीसी पार्बती-II पावर स्टेशन द्वारा इन दिनों “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी के अंतर्गत आज राजकीय माध्यमिक पाठशाला, झीड़ी में ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन’ (Solid Waste Management) विषय पर एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित एनएचपीसी की वरिष्ठ प्रबंधक (पर्यावरण) एंजेलो जया शीली डोमाथोती ने विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट के उचित निपटान और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक (सिंगल-यूज प्लास्टिक) का कम से कम इस्तेमाल करने के लिए छात्रों को प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही, उन्होंने बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सभी से अपने-अपने स्तर पर सक्रिय योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर एनएचपीसी पार्बती-II पावर स्टेशन के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अरविंद कौशिक और पाठशाला की प्रधानाचार्य पूनम ठाकुर सहित संस्थान के अन्य अधिकारी, शिक्षकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।











