कृषि आधारित लघु एवं ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने पर दिया जोर, सहकारिता के माध्यम से रोजगार सृजन की दी जानकारी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट

भारतीय किसान संघ विकास खंड द्रंग की चेली ग्राम समिति की ओर से ग्राम पंचायत चेली के सभागार में भारत माता पूजन एवं भगवान श्री बलराम जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम समिति की अध्यक्षा एवं ग्राम पंचायत प्रधान सुनीता देवी ने ध्वजारोहण, भारत माता एवं भगवान श्री बलराम के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया।

समारोह की अध्यक्षता ग्राम समिति की अध्यक्षा सुनीता देवी ने की, जबकि भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष संतराम ठाकुर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित किसान भाई-बहनों को भारतीय किसान संघ के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपने हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई स्वयं लड़ने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष संतराम ठाकुर ने कहा कि किसान संगठित होकर सरकारी योजनाओं का सामूहिक रूप से लाभ उठा सकते हैं और अपनी समस्याओं एवं मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने किसानों को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि कृषि आधारित लघु उद्योग, ग्रामीण उद्योग, ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग, पैकिंग, ट्रांसपोर्टिंग और मार्केटिंग जैसे कार्यों को स्थानीय स्तर पर शुरू किया जा सकता है। इसके लिए किसान सहकारिता सोसायटियों का गठन कर सामूहिक रूप से कार्य करें, तो कृषि को रोजगार का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में अभी से प्रयास किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में नई पीढ़ी को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा सकें।

समारोह के दौरान दिल्ली में आयोजित होने वाले किसान महिला सम्मेलन को लेकर भी उपस्थित महिलाओं एवं किसानों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला मंडल शिंगारी की प्रधान गीता देवी, वार्ड सदस्य सरोज कुमारी, रेशमा, पूर्ण चंद, वीरेंद्र कुमार, प्रबुद्ध किसान पूर्ण चंद, ईश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान भाई-बहनों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *