अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव 21 से 27 अक्टूबर तक होगा आयोजित, ग्लोबल नृत्य, 500 ड्रोन और लेजर शो होंगे मुख्य आकर्षण, 30 इलेक्ट्रिक बसें और डी-एडिक्शन केंद्र देंगे सुविधा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू : 24 सितंबर

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव इस वर्ष 21 से 27 अक्टूबर तक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। उत्सव में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की सहभागिता के साथ विशेष ‘ग्लोबल नृत्य’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा उत्सव के दूसरे, चौथे और छठे दिन करीब 500 ड्रोन के माध्यम से भव्य ड्रोन शो तथा लेजर शो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

विधायक एवं अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने अटल सदन में जानकारी देते हुए बताया कि 17वीं शताब्दी से चली आ रही कुल्लू दशहरा की ऐतिहासिक एवं देव संस्कृति की परंपरा को विश्व स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए इस बार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू में करीब 365 स्थानीय देवी-देवताओं का निवास है और इसी कारण यह क्षेत्र देवभूमि के रूप में जाना जाता है। इस वर्ष दशहरा उत्सव के लिए सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजे जा चुके हैं। रघुनाथ जी की रथ यात्रा के साथ शुरू होने वाले इस सात दिवसीय उत्सव में 300 से अधिक स्थानीय देवी-देवताओं के शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि इस बार आयोजित होने वाला ‘ग्लोबल नृत्य’ भारतीय और विदेशी संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। इसमें विभिन्न देशों के सांस्कृतिक दलों के साथ भारत के अलग-अलग राज्यों के कलाकार भाग लेंगे। कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए पेशेवर कोरियोग्राफर की सहायता ली जाएगी और विशेष थीम सॉन्ग तैयार किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय नृत्य महोत्सव भी हर वर्ष की तरह उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के लोक नृत्यों के साथ देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के सहयोग से विभिन्न देशों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है।इसके अलावा एनजेडसीसी के माध्यम से राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पंजाब सहित उत्तर भारतीय राज्यों तथा हिमाचल के विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल भी उत्सव में हिस्सा लेंगे।

दशहरा उत्सव के दूसरे, चौथे और छठे दिन करीब 500 ड्रोन आसमान में उड़ाकर भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही लेजर शो भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजन समिति का प्रयास है कि इस वर्ष कुल्लू दशहरा को सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक तकनीक और मनोरंजन का भी बेहतर मंच बनाया जाए।

दशहरा मैदान में व्यापारिक प्लाटों के आवंटन को लेकर सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समावेशी बनाने का प्रयास किया गया है। इस वर्ष प्लाटों के बेस प्राइस में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियों को भी उत्सव का हिस्सा बनाया जाएगा और खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने पर विचार किया गया है। उत्सव में 19 सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

दशहरा उत्सव के दौरान यातायात एवं आम लोगों की सुविधा के लिए 30 इलेक्ट्रिक बसें विशेष रूप से चलाई जाएंगी। इसके अलावा आनी-निरमंड, मणिकर्ण, लग और उझी घाटी के लिए भी विशेष बस सेवाएं उपलब्ध करवाने की योजना है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए होमगार्ड की तैनाती, ट्रैफिक स्वयंसेवकों, चेक पोस्ट, पार्किंग और पार्क व्यवस्था को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। पुलिस की ओर से मेला परिसर पर निगरानी के लिए कंट्रोल टावर स्थापित किया जाएगा।

दशहरा उत्सव के दौरान प्रदर्शनी मैदान में विशेष डी-एडिक्शन परामर्श केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। यहां नशे से प्रभावित युवाओं को उपचार के लिए प्रेरित करने और उन्हें उचित मार्गदर्शन देने के लिए विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध करवाएंगे।

नगर परिषद कुल्लू की ओर से रात 12 बजे के बाद मेला परिसर की सफाई करवाई जाएगी, ताकि अगले दिन कार्यक्रम सुचारू रूप से शुरू हो सके। देवताओं के साथ आने वाले बजंतरियों को दी जाने वाली राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

कुल्लू दशहरा उत्सव के उपलक्ष्य में पूर्वावलोकन यानी कर्टन रेजर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान दशहरा उत्सव का टीजर जारी करने के साथ कॉफी टेबल पुस्तिका का विमोचन किया गया। सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। दिल्ली में भी कुल्लू दशहरा उत्सव का कर्टन रेजर आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने दशहरा कमेटी की ओर से प्रदेशवासियों, देश-विदेश के पर्यटकों और देव समाज के प्रतिनिधियों को उत्सव में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने सभी से देव समागम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

बैठक की कार्रवाई कार्यकारी उपायुक्त एवं दशहरा उत्सव कमेटी के उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौर ने संचालित की। बैठक में बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी, आनी विधायक लोकेंद्र कुमार, मिल्क फेडरेशन अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष रामसिंह मियां, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेसराम आजाद, नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, श्रीरघुनाथ जी के प्रतिनिधि दानवेंद्र सिंह, कारदार संघ अध्यक्ष दोत राम ठाकुर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस सहित अधिकारी, गैर-अधिकारी सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *