सुरभि न्यूज़
विजयराज उपाध्याय, बिलासपुर
बिलासपुर के डियारा सेक्टर में ऐतिहासिक श्री रामलीला का शुभारंभ पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने विधिवत रूप से किया। पहली संध्या में भगवान विष्णु और देवताओं का संवाद और रावण से संबंधित दृश्य दर्शाए गए।
प्रथम दृश्य में सभी देवता भगवान विष्णु के पास जाकर रावण की ओर से किए जा रहे अत्याचारों के बारे में प्रार्थना की। देवताओं ने भगवान विष्णु से आग्रह किया कि धरती पर अवतरित होकर धरती का उद्धार करें।
देवताओं की प्रार्थना को स्वीकार करते हुए भगवान विष्णु ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह धरती पर अवतार लेकर दुष्टों का नाश करेंगे। दूसरे दृश्य में रावण कैलाश पर्वत को हिलाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन उसे अपने कृत्य पर शर्मिंदा होना पड़ा। इसके बाद रावण ने भक्ति भाव का मार्ग अपनाकर भगवान पशुपतिनाथ को प्रसन्न किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
तीसरे दृश्य में पितृ भक्त श्रवण के चरित्र को दर्शाया गया जिसमें श्रवण अपने दृष्टिहीन माता-पिता को तीर्थ स्थान पर लेकर गया। श्रवण का अभिनय कर रहे विकास पुंडीर ने लोगों को भाव विभोर कर दिया।
अंतिम दृश्य में रावण वेदवती का संवाद दर्शाया गया। इसमें रावण वेदवती के साथ दुर्व्यवहार करता है, जिस कारण वेदवती उसे श्राप देती है कि उसका घमंड शीघ्र ही टूटेगा और उसका विनाश हो जाएगा।
श्री रामलीला में मुख्य पात्रों में नवीन सोनी-भगवान विष्णु, अमित कुमार-लक्ष्मी, अधिवक्ता पारस गौतम-नंदी, अभिषेक डोगरा-भगवान शंकर और रजत दशरथ का किरदार निभा रहे हैं। बंबर ठाकुर ने कहा कि रामायण हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। युवाओं को चाहिए कि रामायण की शिक्षाओं को जीवन में अपनाएं।