स्मार्ट मीटर लगाने तथा महाविद्यालय मुल्थान को बंद न करने के विरोध में महिला मंडलों ने किया प्रदर्शन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

समूचे प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटर लगने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसके चलते विद्युत् विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर लोगों को सही जानकारी देकर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं मगर उसके बाद भी समूचे प्रदेश के विद्युत् उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने की किसी भी तरह तैयार नहीं हैं। प्रदेशभर में समाचार के माध्यम से अक्सर यहीं देखने व सुनने को मिल रहा है कि प्रदेश का हर कोई विद्युत उपभोक्ता इसका कड़ा विरोध कर रहा है और धरना – प्रदर्शन करने के लिए सड़कों में उतर रहे हैं। सरकार के इस कठोर निर्णय से समूचे प्रदेश के उपभोक्ता काफी नाराज़ हो गए हैं।

छोटाभंगाल के महिला मंडल नलहौता की प्रधान रमिता देवी तथा महिला मंडल चेलरा दी मलाह की प्रधान शांता देवी ने बताया कि उन्होंने स्मार्ट मीटर न लगाने के लिए घाटी की समस्त महिला मंडल की प्रधानों को सूचित किया और उसके बाद घाटी की सभी महिला मंडलों की प्रधानों ने अपने – अपने स्तर गाँव की महिलाओं के साथ मिलकर स्मार्ट मीटर लगाने का जोरदार विरोध किया किया।

वहीँ दूसरी ओर सरकार द्वारा इस दुर्गम घाटी के लोगों की भौगालिक स्थिति को मद्धेनज़र रखते हुए क्षेत्र में महाविद्यालय मुल्थान को वर्ष 2017 में स्थापित किया गया था। शुरुआती समय में मात्र छः सात माह तक प्राचार्य का पद भरे, मगर उसके बाद अब तक प्राचार्य सहित प्रोफेसरों के कई पद खाली चल रहे है। महाविद्यालय में खाली चल रहे विभिन्न पदों को भरने के लिए महाविद्यालय कमेटी, छोटाभंगाल व चौहार घाटी वेलफेयर एसोसिएशन तथा घाटी के पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री तथा बैजनाथ के विधायक को लिखित रूप से प्रस्ताव भेजा गया है।

सरकार की नाकामी की वजह से इस महाविद्यालय में प्राचार्य तथा प्रोफेसरों के पद खाली चलने के कारण यहाँ पर शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों की संख्या भी कम हो गई है। सरकार अपनी कमी को दरकिनार कर मात्र इस महाविद्यालय में बच्चों की संख्या कम होने के राग को अलापते हुए इस इस महाविद्यालय को बंद करना चाहती है। इसका भी छोटाभंगाल वासियों में सरकार के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।

इस संदर्भ में सोमवार के दिन घाटी की बड़ा ग्रां, नलहौता, निचली कोठी कोहड़, अपर कोठी कोहड़, चेल्रा दी मलाह, सरमान, धरमान, उहलधार, दयोट, पोलिंग, अन्दरली मलाह तथा लोआई के महिला मंडलों की लगभग पांच सौ महिलाओं ने एक जुट होकर हाथों में स्मार्ट मीटर न लगाने तथा महाविद्यालय को बंद न करने पर विरोध प्रदर्शन किया।

महिला मण्डलों ने स्लोगन लेकर शिवनगर मेला मैदान से चलकर मुल्थान बाज़ार होते हुए तहसील मुल्थान कार्यालय तक शान्ति पूर्वक विशाल रैली निकाली और इनके विरोध में नारे लगाए। उसके बाद महिला मंडलों ने इनके विरोध में मुल्थान तहसील के तहसीलदार तथा विद्युत् उपमंडल बरोट कार्यालय में सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *