सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल तथा चौहार घाटी को जोड़ने वाला बरोट- घटासनी मुख्य सड़क मार्ग जो बर्फवारी के कारण यातायात के लिए अबरुद्ध हो गया था जिसे विभाग ने बड़ी मशकत से बर्फ को हटा कर यातायात के लिए बहाल कर दिया है जिससे दोनों घाटियों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
मगर छोटा भंगाल के अंतर्गत मुल्थान–बड़ा ग्रां सोलह किलोमीटर तथा मुल्थान–लोहारडी छः किलो मीटर सड़क मार्ग तथा चौहार घाटी के अंतर्गत आने वाले वोचिंग-रूलिंग आठ किलोमीटर तथा बरोट–मियोट सड़क मार्ग बर्फवारी के तीसरे दिन बाद भी यातायात के लिए बहाल ही नहीं हो पाया है। इन सड़क मार्गों से जुड़े छोटाभंगाल के लगभग 30 तथा एक दर्जन चौहार घाटी के गाँव के लोगों को यातायात के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दोनों घाटियों में बर्फवारी के कारण बाधित हुई विद्युत आपूर्ति विद्युत विभाग ने शुक्रवार देर शाम को मुख्य लाइन को ठीक कर बरोट तक विद्युत आपूर्ति को बहाल कर दिया है जबकि दोनों घाटियों के सभी दुर्गम गाँवों में बर्फवारी के तीसरे दिन बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल न होने से लोग बिल्कुल अँधेरे में ही रह रहे हैं। विद्युत विभाग के उपमंडल बरोट के कार्यकारी सहायक अभियन्ता संत राम ठाकुर का कहना है कि दुर्गम गाँवों में बाधित हुई विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के लिए विभाग के कर्मचारी व ठेकेदार के मज़दूर जी जान से जुटे हुए हैं जिस कारण बहुत जल्द ही विद्युत आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।










