शक्ति प्रेम और करुणा का संगम है नारी – डॉ सीमा भारद्वाज

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
राजकीय महाविद्यालय आनी में शनिवार को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया  जिसमें कॉलेज के प्राचार्य डॉ दिनेश सिंह कंवर ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में और डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड एमएड शिक्षण संस्थान रामपुर बुशेहर की प्राचार्या डॉ सीमा भारद्वाज ने बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की और माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक प्रो डॉ संगीता नेगी ने दोनों अतिथियों को बैच मफलर व शाल पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किए। डॉ संगीता नेगी ने अपने स्वागत भाषण में
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि नारी का सम्मान ही समाज की वास्तविक प्रगति है। हर सफल महिला के पीछे उसकी मेहनत संघर्ष और आत्मविश्वास होता है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त महिला ही सशक्त समाज का निर्माण करती है, जबकि महिलाएं किसी से कम नहीं वे अपने बलबूते इतिहास रचने की क्षमता रखती हैं।
वहीं कार्यक्रम की स्रोत व्यक्ति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड एमएड कालेज रामपुर की  प्राचार्या डॉ सीमा भारद्वाज ने प्रेरणादायक व्याख्यान में कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस प्रतिवर्ष 8  मार्च को विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के प्रति सम्मान प्रशंसा और प्रेम प्रकट करते हुएए महिलाओं के आर्थिक  राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों एवं कठिनाइयों की सापेक्षता के उपलक्ष्य में उत्सव के तौर पर मनाया जाता है।
उन्होंने महिलाओं की सामाजिक स्थिति उनके अधिकारों और समाज में उनके योगदान पर अपने विचार साझा किए। डॉ सीमा  ने विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के महत्व पर बल दिया और यह बताया कि कैसे समाज में बदलाव लाने के लिए महिलाएं मुख्य भूमिका निभा सकती हैं। वहीं उन्होंने  माता सीता के चरित्र को समर्पण त्याग  गौरव शक्ति व प्रेरणा का स्रोत बताया। अपने व्याख्यान में डॉ भारद्वाज ने यह भी बताया कि महिलाएं पारंपरिक बाधाओं को पार कर रही हैं और शिक्षा राजनीति विज्ञान और उद्योग जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए महिलाओं के अधिकारों और समानता के लिए खड़े हों।
इस दौरान कॉलेज के छात्र छात्राओं और शिक्षकों ने डॉ सीमा भारद्वाज के प्रेरणादायी विचारों का स्वागत किया। डॉ भारद्वाज ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खुद को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रखें और समाज में बदलाव लाने के लिए प्रेरित हों।
इस अवसर पर  कॉलेज प्राचार्य डॉ दिनेश सिंह कंवर डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड एमएड शिक्षण संस्थान की प्राचार्या डॉक्टर भारद्वाज सहायक आचार्य मोनिका रैना उनके साथ आए लेखक साहित्यकार व कवि छविन्द्र शर्मा सहयोगी चैनलाल कॉलेज वुमन सेल की संपूर्ण टीम शिक्षक वर्ग व कॉलेज के छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *