सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशे के खिलाफ एक जुट होने पर जागरूकता शिविर आयोजित 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

छोटा बंगाल घाटी के केंद्र स्थल मुल्थान स्थित पंचायत घर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग बैजनाथ की ओर से एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता सामाजिक न्याय अधिकारी बैजनाथ, आलोक कपूर ने की।

शिविर के दौरान मुल्थान पंचायत के प्रधान सुरेन्द्र कुमार ने विशेष रूप से उपस्थित होकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी आलोक कपूर को पारंपरिक हिमाचली टोपी तथा मफलर भेंट कर सम्मानित किया।

शिविर में छोटा बंगाल घाटी की सभी सात पंचायतों—बड़ा ग्रां, कोठी कोहड़, धरमान, मुल्थान, लोआई, स्वाड़ तथा पोलिंग—के पंचायत प्रतिनिधियों सहित लगभग सौ लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय अधिकारी आलोक कपूर ने उपस्थित लोगों को सरकार की ओर से प्रदान की जाने वाली विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं और कई अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारी आलोक कपूर ने देश व समाज में फैल रहे ‘चिट्टे’ जैसे घातक नशे से दूर रहने के लिए विशेष रूप से जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि न तो स्वयं नशे का सेवन करें और न ही दूसरों को करने दें। चिट्टा तस्करों या बेचने वालों की सूचना बिना किसी डर के तुरंत पुलिस विभाग को दें। ऐसा करने से आज की युवा पीढ़ी के भविष्य को इस भयंकर खतरे की चपेट में आने से सुरक्षित बचाया जा सकता है।

इस अवसर पर जनकल्याण सभा के प्रदेशाध्यक्ष चुनी लाल, समाजसेवी एवं राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक लाल चंद शास्त्री, मुल्थान पंचायत के प्रधान सुरेन्द्र कुमार, धरमान पंचायत के उपप्रधान दीपक कुमार, लोआई पंचायत की प्रधान नवीनता ठाकुर, पोलिंग पंचायत के प्रधान राजकुमार, स्वाड़ पंचायत के प्रधान दलजीत सिंह, बड़ा ग्रां के प्रधान राजेन्द्र कुमार, तथा कोठी कोहड़ पंचायत के प्रधान हिम्मत ठाकुर सहित सभी पंचायतों के उपप्रधान, वार्ड सदस्य एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *