पार्बती-III पावर स्टेशन में हिंदी पखवाड़ा 2026 का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह किया आयोजित 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू : 01 अक्टूबर

पार्बती-III पावर स्टेशन में हिंदी पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन 30 सितंबर को किया गया।

समारोह में महाप्रबंधक (प्रभारी), पार्बती-III पावर स्टेशन ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रभारी) ने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा होने के साथ-साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग प्रशासनिक कार्यों को सरल, सहज और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि राजभाषा का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब हिंदी को केवल प्रतियोगिताओं और विशेष अवसरों तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्यालयीन कार्यों का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। हिंदी के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा— “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल।” उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रति यह भावना कार्यालयीन कार्यों में निरंतर हिंदी के प्रयोग के माध्यम से और अधिक सशक्त की जा सकती है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में कार्मिकों ने दिखाया उत्साह
हिंदी पखवाड़ा 2026 के दौरान पार्बती-III पावर स्टेशन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें हिंदी प्रश्नमंच, राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिता, हिंदी नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग प्रतियोगिता, हिंदी टाइपिंग प्रतियोगिता, हिंदी कविता पाठ प्रतियोगिता तथा हिंदी हस्ताक्षर प्रतियोगिता शामिल रहीं।

इन प्रतियोगिताओं में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हिंदी के प्रति अपनी रुचि, ज्ञान एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं प्रोत्साहन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी उनके सहयोग एवं योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रवीण कुमार, महाप्रबंधक (सिविल) तथा रंजीत कुमार, महाप्रबंधक (यांत्रिक) सहित पार्बती-III पावर स्टेशन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में जी.टी.एस. राजू, समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मा.सं.) ने हिंदी पखवाड़ा 2026 को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन रमाकांत, राजभाषा अधिकारी द्वारा किया गया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *