सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
चौहार घाटी की बरोट पंचायत के अंतर्गत ठंडी गुलाई नामक स्थान पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गांधी जयंती के उपलक्ष्य में युवक मंडल बरोट के सौजन्य से तीन दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यह मेला 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
युवक मंडल बरोट के अध्यक्ष शनि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय मेले का औपचारिक शुभारंभ स्थानीय जिला परिषद सदस्य रोशन लाल द्वारा किया जाएगा। मेले के दौरान स्थानीय स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, साथ ही विभिन्न खेलकूद एवं पारंपरिक प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
सांस्कृतिक संध्याओं के मुख्य आकर्षण
पहली सांस्कृतिक संध्या (3 अक्टूबर): इस संध्या में कुल्लू के सुप्रसिद्ध लोकगायक डावे राम कुल्लवी के पुत्र एवं उभरते हुए लोकगायक नरेश कुल्लवी अपनी कला से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। इस अवसर पर बरोट पंचायत के उप प्रधान राजकुमार बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या और समापन समारोह (4 अक्टूबर): समापन समारोह की इस सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के जाने-माने लोकगायक रमेश ठाकुर अपनी सुरीली आवाज़ से लोगों का मन मोहेंगे। पद्धर ब्लॉक की बीडीसी अध्यक्षा सुनीता देवी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, जबकि घाटी की जानी-मानी समाजसेवी ज्योति कपूर समापन समारोह के सुअवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी।
मेले की प्रमुख प्रतियोगिताएं और गतिविधियां
खेलकूद प्रतियोगिताएं में कबड्डी, वॉलीबॉल, ऊंची कूद और लंबी कूद का आयोजन किया जायेगा तथा पारंपरिक गतिविधियां में घड़ा तोड़ प्रतियोगिता की जाएगी जबकि विशेष आकर्षण में चौहार घाटी तथा छोटा भंगाल घाटी के महिला मंडलों द्वारा पारंपरिक नाटी का आयोजन, जो इस मेले की संस्कृति और लोक परंपरा को और अधिक समृद्ध बनाएगा। युवक मंडल ने क्षेत्र के सभी लोगों से इस मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने और कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाने की अपील की है।












