दीपावली का पर्व प्रेम, प्रकाश और सकारात्मकता का प्रतीक – किरण भड़ाना

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग (लाहौल-स्पीति)
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में सटीगरी स्थित सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कैंप में जाकर  संगठन में विभिन्न निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को फल वितरित किये तथा उनके बच्चों को चॉकलेट देकर दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
उपायुक्त ने कहा कि दीपावली पर्व केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ इसे मनाना सच्ची मानवीयता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में कार्यरत सीमा सड़क संगठन के कर्मचारी व श्रमिक जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनके परिश्रम और समर्पण के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना सभी का दायित्व है।
किरण भड़ाना ने बीआरओ के अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने तथा दीपावली पर्व के दौरान भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन सदैव श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर सीमा सड़क संगठन के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला वासियों को दीपावली की शुभकामनाएं
उपायुक्त किरण भड़ाना ने इस अवसर पर समस्त लाहौल-स्पीति वासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जिले के सभी नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व प्रेम, प्रकाश और सकारात्मकता का प्रतीक है—आइए इसे स्वच्छता, सद्भाव और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाएं। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि दीपावली के शुभ अवसर पर पटाखे जलाते समय अपने बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान व सावधानी रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *