सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
जिला कुल्लू के सिराज उत्सव लवी मेला की पहली सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने अपने चर्चित गानों से संध्या में खूब धमाल मचाया। कुलदीप शर्मा ने अपने गानों में कुल्लू मनाली लागा मेडा, महला री गै कोठीयै.. रंग रूप तेरा बड़ा प्यारा.. ईना बड़ियाँ जो तुड़का.. सुरमणिये हो..शीलूयै लामी बी नाटी तथा दरोगा जी छोरूआ जो लैया समझाई. सहित अन्य नाटियों की झड़ी लगाकर दर्शकों को खूब नचाया।
इससे पूर्व करसोग के लोक गायक मोहन गुलेरिया ने अपनी युगल आवाज का जादू बिखेरते हुए अपनी लोक गायिकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। गुलेरिया ने युगल आवाज में ओ फौजिया अम्ब पके.. सहित अन्य गीतों की प्रस्तुति से संध्या में खूब रंग जमाया। वहीं संध्या में अन्य कई लोक गायकों व वॉइस ऑफ आऊटर सिराज में चयनित प्रतिभागियों ने भी अपनी लोक गायिकी से दर्शकों को लुभाने का भरसक प्रयास किया।
संध्या में मंच का संचालन एंकर ललित शर्मा ने किया। मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में उद्योगपति, समाजसेवी एव्ं पर्यावरणविद प्रेमी ठाकुर मान सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जबकि मेला कमेटी की ओर से अध्यक्ष यूपेन्द्र कांत मिश्रा ने उन्हें टोपी. मफलर पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।
इस मौके पर मुख्यातिथि ठाकुर मान सिंह ने अपने संबोधन में लोगों को मेले की बधाई देते हुए कहा कि मेले हमारी प्राचीन संस्कृति के सम्बाहक हैं, जिन्हें सजोए रखना भावी पीढी का परम कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि मेले ग्रामीण क्षेत्र की छुपी प्रतिभाओं को आगे लाने का बेहतर मंच है। इस दिशा में आनी लवी मेला का प्रयास सराहनीय है। ठाकुर मान सिंह ने युवाओं से नशे जैसी बुराईयों से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आहवान किया। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए अपनी ओर से गुप्त रूप से यथा संभव सहायता का भरोसा दिलाया। पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि के साथ मेला कमेटी के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।










