सुरभि न्यूज़
खूशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल की मुल्थान पंचायत के अंतर्गत आने वाले मंडल जय देव गहरी दयोट की प्रधान कुष्मा देवी की अगुवाई में सोमवार को महिला मंडल की लगभग 20 महिलाओं ने अपने गाँव दयोट के अन्दर के रास्तों की सफाई की। महिला मण्डल ने गाँव के अन्दर तक आने वाले सभी रास्तों की सफाई के साथ रास्तों के दोनों किनारों में उगी झाड़ियां तथा घास को काटा और उन्हें दूर ले जाकर सुरक्षित स्थान पर गहरे गड्डे में दबा दिया।
महिला मंडल की सचिव मांगणी देवी ने बताया कि इस महिला मंडल की स्थापना गत वर्ष ही हुई है तथा महिला मंडल जय देव गहरी दयोट प्रधान कुष्मा देवी की अगुवाई में सभी महिलाएं हर माह एक बार इसी तरह से ही सफाई अभियान करती आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि इसी वर्ष श्रावण माह में महिला मंडल की महिलाओं द्वारा अपने गाँव के पास वाले क्षेत्र में खाली भूमि में वन विभाग के सहयोग से लगभग दो हेक्टयर भूमि में विभिन्न प्रजाति के सोलह सौ पौधे रोपे जा चुके हैं।
मांगणी देवी ने कहा कि भविष्य में भी महिला मंडल जयदेव गहरी दयोट द्वारा माह में एक बार इसी तरह से सफाई अभियान को जारी रखेगी।











