सुरभि न्यूज़
तृप्ता कौर मुसाफिर, चांदपुर (बिलासपुर)
कल्याण कला मंच बिलासपुर की मासिक बैठक गत दिन झंडूता तहसील के ऋषिकेश में स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक लक्ष्मी नारायण मंदिर के परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मंच के संयोजक अमर नाथ धीमान ने की जबकि मंच का संचालन महासचिव तृप्ता कौर मुसाफिर ने विशेष अंदाज में किया। बैठक में विशिष्ट अतिथि के तौर पर डा लेख राम शर्मा और शिक्षा विद सुख राम आजाद उपस्थित रहे।
लक्ष्मी नारायण, मां सरस्वती और काले बाबा जी के समक्ष दीप और पुष्प अर्पित कर पूर्व प्रधानाचार्य जीत राम सुमन ने सरस्वती वंदना की तथा आचार्य जगदीश सहोता और बुद्धि सिंह चंदेल ने मंगल ध्वनि से गोविंद सागर की लहरों को भी आह्लादित कर दिया।
बिलासपुर के हीरे श्रृंखला में इस बार बिलासपुर की हास्य कवियत्री बीना वर्धन को सम्मानित किया, उनका कृतित्व और व्यक्तित्व अमर नाथ धीमान ने प्रस्तुत किया तथा उन्हें बैज, पुष्पा हार, दिव्य चुनरी और प्रमाणपत्र दे कर काले बाबा हास्य कवियत्री सम्मान 2025 प्रदान किया।
इसी तरह ऋषिकेश की पूर्व बी डी सी सदस्या अछरी देवी और मंदिर कमेटी प्रधान व शिक्षक कुलदीप सिंह चंदेल को भी समाज सेवा – 2025 सम्मान से विभूषित किया गया।
अपने संबोधन में मंच के प्रधान सुरेन्द्र मिन्हास कहलूरी ने मंच की गति विधियों और भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। मंच की कोर कमेटी का गठन किया गया जिसमें लश्करी राम, अमरनाथ धीमान, तृप्ता कौर मुसाफिर, सुरेन्द्र मिन्हास और बुद्धि सिंह चंदेल को शामिल करके कमेटी को मंच के संचालन के लिए खुले अधिकार दिए गए।
मंच के द्विवार्षिक चुनाव दिसंबर 07 रविवार को बिलासपुर में करवाने का निर्णय लिया गया। चुनावों में चेयरमैन, मुख्य संरक्षक, प्रधान, महासचिव और कोषाध्यक्ष चुना जाएगा। ये बाद में मंच की कार्यकारिणी का गठन करेंगे।
बैठक में आशा कुमारी, लश्करी राम, कर्मवीर कंडेरा, रामपाल डोगरा, श्याम सुंदर, तेजराम तेजस, रविन्द्र नाथ भट्टा, राकेश मिन्हास, शगुन शर्मा, हुसैन अली, शिवनाथ सहगल, और बाबू राम धीमान सहित 35 से अधिक कला कलमकारों ने भाग लिया। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम और मंच के उद्देश्यों की प्रशंसा की।












