सुरभि न्यूज़
ठियोग, शिमला : 17 नवम्बर
पी एम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, ठियोग में एक महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पश्चिमी हिमालय के प्रख्यात इतिहासकार डॉ. ओ. सी. हाण्डा को विशिष्ट अतिथि वक्ता के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय प्राचार्य रोशन लाल ने विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. ओ. सी. हाण्डा का स्वागत किया और उनके ज्ञान एवं अनुभव से छात्रों को लाभान्वित करने के लिए धन्यवाद प्रकट किया।
डॉ. हाण्डा पश्चिमी हिमालय की संस्कृति, इतिहास तथा स्थापत्य कला पर अपने व्यापक शोध एवं गहन अध्ययन के लिए विख्यात हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को हिमालयी क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा अद्वितीय स्थापत्य विशेषताओं के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उनका संबोधन अत्यंत प्रेरणादायक, रोचक तथा विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहा।
सत्र के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को इतिहास को जिज्ञासा, संवेदनशीलता और शोध की दृष्टि से समझने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके व्याख्यान से प्रेरित होकर विद्यार्थियों ने कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. हाण्डा ने संतोषजनक उत्तर दिया।
विद्यालय प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के बौद्धिक व व्यक्तित्व विकास में अत्यंत उपयोगी होते हैं।










