सुरभि न्यूज़, बंजार : 1 एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू द्वारा आयोजित उच्च प्रभाव वायु वाहिनी एनसीसी साइक्लिंग अभियान के तीसरे दिन साइक्लिंग टीम ने आज राजकीय महाविद्यालय बंजार का दौरा किया। 23 से 30 नवम्बर तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करना है।
साइकिलिस्ट टीम दोपहर लगभग 12 बजे महाविद्यालय बंजार पहुँची, जहाँ कैडेट्स एवं अधिकारियों का गुलदस्तों से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई।
कार्यक्रम के दौरान अंडर ऑफिसर खुशबू ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि सीनियर अंडर ऑफिसर मनोज ठाकुर ने स्वागत भाषण दिया।
मुख्य अतिथि विंग कमांडर कुनाल शर्मा ने छात्रों को विभिन्न करियर अवसरों, सशस्त्र बलों में उपलब्ध संभावनाओं तथा एनसीसी के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण पर विस्तृत और प्रेरक जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए उनके लक्ष्यों के बारे में जाना और उनकी शंकाओं का समाधान किया।
उप-प्राचार्य डॉ. रेणुका थपलियाल ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इसके बाद कैडेट सोहनी ठाकुर ने औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।
अभियान का यह पड़ाव छात्रों और कैडेट्स के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक साबित हुआ। इस दौरे से युवाओं में टीमवर्क, अनुशासन, दृढ़ता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूती मिली।












