सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, बैजनाथ/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के पं. संतराम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में संविधान दिवस के अवसर पर राजनीति शास्त्र विभाग ने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पवन कुमार सहायक आचार्य राजनीति शास्त्र ने सर्वप्रथम मुख्य अतिथि डॉक्टर प्रदीप कुमार कौंडल और अन्य अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया अपने स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है, जिसे समझना और आत्मसात करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल ने संविधान की प्रस्तावना, उसके उद्देश्यों, नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों तथा भारतीय लोकतंत्र की मजबूती में संविधान की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा की ओर से अधिवक्ता पंकज कुमार वर्मा व सुशेन पुरोहित भी कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मिलित हुए। उन्होंने संविधान और मौलिक अधिकारों की जानकारी के साथ-साथ एंटी-रैगिंग नियम, ड्रग एब्यूज़ तथा मोटर व्हीकल एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कानून की जानकारी युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे अपने अधिकारों और दायित्वों को सही तरीके से समझ सकें।
कार्यक्रम के तहत प्रस्तावना पाठ के उपरांत पोस्टर मेकिंग, नारा लेखन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग में कृतिका प्रथम, वशिंका द्वितीय तथा सुनैना और आकांक्षा संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। नारा लेखन में नेहा प्रथम, निधि ठाकुर द्वितीय और सानिया तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में कृष प्रथम, विभांशु द्वितीय और कृष तृतीय रहे। निबंध लेखन प्रतियोगिता में काजल प्रथम, कृष द्वितीय और दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संविधान के लोकतांत्रिक आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ राजेश चौधरी, डॉ. अर्चना ठाकुर, डॉ. सुलक्षणा, डॉ. अमित कौड़ा, डॉ. विशाल चौधरी और प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार सहित कई संकाय सदस्य उपस्थित रहे जिन्होंने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।











