पांगी छात्र कल्याण संघ ने उपायुक्त कुल्लू को सौंपा ज्ञापन, तीन मांगों के समाधान की लगाई गुहार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़, कुल्लू : पांगी छात्र कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात कर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने अपने ज्ञापन के माध्यम से तीन प्रमुख मांगें रखीं और इनके समाधान के लिए जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

संघ ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में अत्यंत जर्जर (खटारा) बसों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें सफर करना जोखिम से भरा है। पिछले दिनों एक पुरानी बस बीच रास्ते में ही बंद हो गई थी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। छात्रों ने आग्रह किया कि उनकी सुरक्षा व सुविधा को देखते हुए एचआरटीसी की अच्छी और सुरक्षित बसें उपलब्ध करवाई जाएं।

छात्रों ने कहा कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है, जिससे पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने नियमित एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

संघ ने कहा कि संचार नेटवर्क कमजोर है, जिससे इंटरनेट और मोबाइल कनेक्टिविटी में बड़ी समस्याएं आती हैं। छात्रों ने प्रशासन से क्षेत्र में बेहतर संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।

संघ ने यह ज्ञापन उपायुक्त कुल्लू के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भेजा है। छात्रों ने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी समस्याओं का संज्ञान लेकर जल्द समाधान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *