सुरभि न्यूज़
सुंदर नगर (मंडी), 13 दिसम्बर
प्रदेश में नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा छेड़े गए व्यापक अभियान के तहत मनाली किरतपुर फोरलेन पर जड़ोल के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक वोल्वो बस से 1 किलो 57 ग्राम चरस बरामद की।
मिली जानकारी के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम द्वारा जड़ोल के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान दिल्ली जा रही एक वोल्वो बस को चेकिंग के लिए रोका गया।
बस की चेकिंग के दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम को एक बैग में 1 किलो 57 ग्राम चरस लावारिस हालत में बरामद हुई। बस में सवार किसी भी यात्री ने चरस के संबंध में दावा पेश नहीं किया।
पुलिस की टीम ने चरस को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर चरस तस्कर की पहचान के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।











