जिला सोलन में नववर्ष के अवसर पर यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सोलन पुलिस ने किए व्यापक प्रबंध

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

सोलन, 31दिसंबर

नववर्ष के आगमन के अवसर पर जिला सोलन में बाहरी राज्यों एवं अन्य जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आगमन की संभावना को देखते हुए, राष्ट्रीय राजमार्ग-05 (परवाणू से शालाघाट) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-205 (राजघाटी/दाड़लाघाट से बंगोरा) पर यातायात का दबाव अत्यधिक रहने की संभावना है। विशेष रूप से चायल, कसौली, अश्वनी खड्ड, सोलन मुख्यालय तथा शिमला की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की भारी आवाजाही अपेक्षित है।

गत वर्षों के अनुभव के आधार पर यह पाया गया है कि यातायात जाम से बचने अथवा जल्दबाजी में कुछ वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा से अधिक गति रखने एवं यातायात नियमों की अवहेलना करते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए सोलन पुलिस द्वारा नववर्ष के दौरान यानि 30-31 दिसम्बर 2025 को यातायात एवं कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु विस्तृत एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएँ की गई हैं। यातायात व्यवस्था के दौरान यातायात ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस के जवान वायरलेस सहित तैनात रहेंगे I
यातायात नियमों के पालन हेतु अपील
सोलन पुलिस आम जनता एवं पर्यटकों से अपील करती है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित गति सीमा में, अपनी लेन में रहकर ही चलाएँ तथा किसी भी परिस्थिति में गलत दिशा में वाहन न चलाएँ। विशेष रूप से बड़ोग टनल में गलत दिशा से प्रवेश करने वालों के विरुद्ध कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बड़ोग टनल सहित NH-05 एवं NH-205 पर CCTV कैमरे स्थापित हैं तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नाकाबंदी व्यवस्था

नववर्ष के अवसर पर यातायात नियंत्रण हेतु दिनांक 30 व 31 दिसंबर 2025 को निम्नलिखित स्थानों पर 24×7 नाकाबंदी की जाएगी:
1. NH-05 परवाणू प्रवेश द्वार (24×7 बाईपास) – तीन शिफ्टों में 10–15 पुलिस जवान तैनात रहेंगे ।
2. NH-05 दोहरी दीवार, सोलन – तीन शिफ्टों में 10–15 पुलिस जवान तैनात रहेंगे ।
पुलिस गश्त व्यवस्था
राष्ट्रीय राजमार्ग-05 को सात बीटों में विभाजित किया गया है
• बीट नं. 1: परवाणू (टिपरा) से दतयार
बीट नं. 2: दतयार से धर्मपुर
• बीट नं. 3: धर्मपुर से बड़ोग टनल
बीट नं. 4: कुमारहट्टी से दोहरी दीवार वाया बड़ोग
• बीट नं. 5: बड़ोग टनल से चम्बाघाट
• बीट नं. 6: चम्बाघाट से कंडाघाट
• बीट नं. 7: कंडाघाट से शालाघाट

उक्त सभी बीटों में पुलिस गश्त पैदल एवं मोटरसाइकिल के माध्यम से निरंतर करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त उपमंडल दाडलाघाट के अंतर्गत NH-205 को 02 बीटों में विभाजित किया गया है जो राजघाटी से दानोघाट तथा दानोघाट से बंगोरा तक है जो उक्त बीटों में तीन शिफ्टों में पैदल व मोटरसाइकिल पर गश्त सुनिश्चित की गई है जहाँ पर पुलिस थाना दाडलाघाट व अर्की से पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।

पर्यटन स्थलों चायल व कसौली पर विशेष व्यवस्था
पर्यटन नगरी चायल में नववर्ष के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कसौली में पर्यटकों की अधिक संख्या को देखते हुए यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष योजना बनाई गई है जिसमे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने हेतु पर्यटक बसों को कसौली जाने के अनुमति नहीं दी जाएगी, जिन्हें धर्मपुर के आसपास के क्षेत्रों में ही पार्क करवाया जाएगा तथा पर्यटकों को छोटे वाहनों के माध्यम से गंतव्य तक जाने की अनुमति दी जाएगी।

इसके ईलावा धर्मपुर से कसौली तक पुलिस गश्त पैदल एवं मोटरसाइकिल द्वारा करवाई जाएगी। प्रमुख पर्यटन स्थलों की निगरानी हेतु ड्रोन कैमरों का भी प्रयोग किया जाएगा।
त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) एवं विशेष वाहन
आपात स्थितियों से त्वरित निपटान हेतु दिनांक 30 व 31 दिसंबर 2025 को QRT (Quick Reaction Team) की तैनाती धर्मपुर, कसौली, परवाणू,चायल में की गई है। इसके अतिरिक्त एक पुलिस बस पुलिस थाना धर्मपुर में तैनात रहेगी, जो टिपरा से शालाघाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस जवानों की अतिरिक्त टुकड़ियों के साथ दो शिफ्टों में गश्त करेगी।

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए 03 विशेष वाहन (एक इंटरसेप्टर एवं दो इलेक्ट्रिक वाहन), जो लेजर स्पीड गन, एल्को-सेंसर, GPS एवं आधुनिक तकनीकों से लैस हैं, को NH-05 की विभिन्न बीटों पर 24×7 तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय उच्च्मार्गों पर मोटर साइकिल राइडरों को भी तैनात किया गया है जो भी पर्यटकों की हर गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सशस्त्र पुलिस बल की 02 रिजर्व टुकड़ियों के करीब 60 जवानों की टीम को विभाजित कर पुलिस थाना परवाणू, धर्मपुर, कसौली, कंडाघाट, चायल एवं सदर सोलन में तैनात किया गया है।

इसके अतिरिक्त नववर्ष के उपलक्ष्य में जिला पुलिस द्वारा यातायात व कानून व्यवस्था बनाये रखने व लोंगों/पर्यटकों की सुरक्षा हेतू पुलिस के 7/8 वाहनों व 10/12 मोटर साइकिलों को तैनात किया गया है I
अपील
इस अवसर पर जिला सोलन पुलिस आम जनता एवं पर्यटकों से अपील करती है की वे यातायात व कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिला पुलिस का सहयोग करें ताकि नववर्ष का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके। इसके अतिरिक्त किसी भी आपात स्थिति में जिला पुलिस कंट्रोल रूम के दूरभाष संख्या 01792-223836 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *