अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक, एनएचपीसी ने वर्ष 2026 में कंपनी के विजन में स्वच्छ ऊर्जा, राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि की

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

फरीदाबाद, 02 जनवरी

अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक, एनएचपीसी भूपेन्द्र गुप्ता ने एनएचपीसी निगम मुख्यालय, फरीदाबाद में 01 जनवरी 2026 को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 में एनएचपीसी के दृष्टिकोण को रेखांकित किया। इस समारोह में उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), संजय कुमार सिंह, निदेशक (परियोजनाएं), सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (तकनीकी) और महेश कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त) सहित अन्य वरिष्व अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। गुप्ता ने अपने संबोधन में एनएचपीसी के सभी कार्मिकों को नव वर्ष की हार्दिक बधाई देते हुए संगठन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख किया।

इस अवसर पर, भूपेन्द्र गुप्ता ने अपने संबोधन में पिछले वर्ष के दौरान कई कठिनाइयों और चुनौतियों के बावजूद एनएचपीसी की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रेरणात्मक संदेशों को साझा किया और आने वाले वर्ष में सतत विकास, नवाचार और उत्कृष्टता के लिए एनएचपीसी के दृष्टिकोण को रेखांकित किया।

उन्होंने राष्ट्र निर्माण, स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन और सामुदायिक विकास के लिए एनएचपीसी की निरंतर प्रतिबद्धता पर भी बल दिया। उन्होंने देश की ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास में योगदान देते हुए संगठनात्मक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समर्पण और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की एनएचपीसी की प्रतिज्ञा को दोहरा या।

उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक) ने इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि एनएचपीसी की सफलता में मानव संसाधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारी कल्याण, क्षमता निर्माण और सकारात्मक एवं निष्पादन-उन्मुख कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने पर प्रकाश डाला।

संजय कुमार सिंह, निदेशक (परियोजनाएं) ने क्षमता अभिवृद्धि और दीर्घकालिक विकास में सहयोग करने के लिए परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन और परियोजना प्रबंधन प्रणालियों को सुदृढ़ करने के लिए एनएचपीसी की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (तकनीकी), ने एनएचपीसी के प्रचालन में दक्ष और विश्वसनीय विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने में तकनीकी नवाचार, सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के महत्व के बारे में बताया। एनएचपीसी के सुदृ‌ढ़ वित्तीय निष्पादन और विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन पर प्रकाश डालते हुए महेश कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त) ने वित्तीय अनुशासन, मूल्य सृजन और सतत निवेश के संबंध में संगठन की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया।

इस अवसर पर, श्री राम भारतीय कला केंद्र, नई दिल्ली के कलाकारों द्वारा ‘श्रीकृष्ण’ नामक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध और प्रफुल्लित कर दिया। इस कार्यक्रम को एनएचपीसी के कार्मिकों द्वारा वेबकास्ट्र और फेसबुक एवं यूट्यूब लाइव के माध्यम से भी सभी कार्यस्थलों पर देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *