सुरभि न्यूज़
परस राम भारती, तीर्थन घाटी बंजार
जिला कुल्लू बंजार विकास खंड के अंतर्गत तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत पेखड़ी में कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक गुशैनी के सौजन्य से एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के महिला-पुरुष किसानों व बागवानों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक की गुशैनी शाखा के शाखा प्रबंधक जगदीश कुमार ने अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति सुरक्षा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, बचत खाता योजनाओं तथा ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को डिजिटल लेन-देन करते समय सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश से दूर रहने की सलाह दी।
इस अवसर पर विश्व बैंक एवं नाबार्ड के फंड से संचालित वित्तीय सहायता योजना के अंतर्गत किसानों को जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पेखड़ी की प्रधान पुष्पा ठाकुर, टैक्सी चालक यूनियन के प्रधान चंद्र कुमार, रोशन लाल ठाकुर, लोभू राम, दौलत राम, गुड्डू ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रधान पुष्पा ठाकुर ने बैंक शाखा में पिछले एक वर्ष से खराब पड़ी प्रिंटर मशीन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रिंटर खराब होने के कारण खाताधारकों की पासबुक में जमा व निकासी का विवरण दर्ज नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को असुविधा हो रही है।
इस पर शाखा प्रबंधक जगदीश कुमार ने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रिंटर मशीन को ठीक कराने के लिए संबंधित कंपनी को लिखित शिकायत भेजी जा चुकी है और शीघ्र ही मशीन को दुरुस्त कर बैंकिंग सेवाएं जनहित में सुचारू रूप से संचालित की जाएंगी।
शिविर के माध्यम से किसानों-बागवानों को बैंकिंग योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ वित्तीय जागरूकता भी बढ़ी, जिससे क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना की है।











