सुरभि न्यूज़
रिवालसर (मंडी), 21 जनवरी
लला मेमे फाउंडेशन और प्रोजेक्ट कॉज के संयुक्त तत्वाधान में आगामी 25 जनवरी को रिवालसर में एक विशेष कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी (ना०) बल्ह, स्मृतिका नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
शिविर के संयोजक और मंडी के प्रसिद्ध समाजसेवी हरमीत सिंह बिट्टू ने मीडिआ को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इस नेक कार्य में रिवालसर गुरुद्वारा कमेटी, रिवालसर गोम्पा कमेटी, माता नैना देवी कमेटी के साथ-साथ ग्राम पंचायत रिवालसर और नगर परिषद के सदस्य भी सक्रिय रूप से अपना सहयोग देंगे।
प्रोजेक्ट कॉज की चेयरपर्सन सुरजीत चटर्जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने विशेष रूप से साझा किया कि यह क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है कि राजीव गांधी कैंसर अस्पताल के सुप्रसिद्ध डॉक्टर सुमित गोयल इस शिविर में उपस्थित रहेंगे। डॉ. गोयल कैंसर के लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में बहुमूल्य जानकारी प्रदान करेंगे।
लला मेमे फाउंडेशन के अध्यक्ष मंगल मनेपा ने लाहुल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, सुंदरनगर और आसपास के क्षेत्रों से आए रिवालसर में रहने वाले सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर में पहुँचकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह का लाभ उठाएं।










