सुरभि न्यूज़
छविंदर शर्मा, आनी : 22 जनवरी
कुल्लू जिला के आनी में सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षण संस्थान में स्नातक पाठ्यक्रम के उद्घाटन समारोह पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल द्वारा डॉ मुकेश शर्मा एवं डॉ सीमा भारद्वाज द्वारा लिखी गई पुस्तक “Assessment for Learning” का विमोचन किया गया। यह पुस्तक अंग्रेजी संस्करण में प्रकाशित की गई है। इस पुस्तक में शोध और अनुभव के आधार पर अधिगम-मूल्यांकन की नवीन अवधारणाओं को सरल एवं प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में “Assessment for Learning” जैसी अवधारणाएँ शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक छात्र-केंद्रित, परिणामोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। यह पुस्तक शिक्षकों, शोधकर्ताओं, प्रशिक्षुओं तथा शिक्षा प्रशासकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। लेखकों डॉ. मुकेश शर्मा एवं डॉ. सीमा भारद्वाज ने बताया कि इस पुस्तक का उद्देश्य मूल्यांकन को केवल परीक्षा तक सीमित न रखते हुए उसे सीखने की प्रक्रिया का अभिन्न अंग बनाना है, जिससे विद्यार्थियों की निरंतर प्रगति और समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
डॉ. शर्मा के लेखन कार्य में गहन रूचि के साथ-साथ सामाजिक कार्य में भी बढ़-चढ़ कर भाग लेने में रूचि रखते हैं। यह इनकी शिक्षा, दर्शनशास्त्र एवं मनोविज्ञान पर चौथी पुस्तक प्रकाशित हुई है। इसके साथ-साथ इनके राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 12 शोध पत्र भी प्रकाशित हुए हैं। समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों एवं शोधार्थियों की उपस्थिति रही। सभी ने पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ बताया।











