सुरभि न्यूज़
बबेली/कुल्लू, 22 जनवरी
जिला मुख्यालय कुल्लू से लगभग 7 किमी दूर चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बबेली में आईटीबीपी कैंप के पास दिल्ली से आए पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैराफिट से टकरा गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दिल्ली की रहने वाली 5 वर्षीय बच्ची व दो महिलाओं की मौत हो गई।
हादसे में मृतकों की पहचान दिल्ली की 40 वर्षीय सोनिया, 26 वर्षीय साक्षी व 5 वर्षीय देवीशा के तौर पर हुई है। जबकि घायलों में सचिन, साहिल व अनिका शामिल हैं। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुँचाया गया, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को दिल्ली में सूचित कर दिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। कुल्लू पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार व संभवतः चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है










