सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 2 फरवरी
जिला कुल्लू भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ अभिलाषा ठाकुर ने मीडिया को जारी बयान में कहाकि केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर किए प्रावधानों से देश की स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व विकास होगा और स्वास्थ्य संबंधी रोजगार में भी अभूतपूर्व वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का अदभुत उदाहरण है। आगामी पाँच वर्षों में एक लाख से अधिक एलाइड एवं हेल्थ प्रोफेशनल्स के प्रशिक्षण का लक्ष्य देश की स्वास्थ्य सेवाओं को गुणवत्ता और उपलब्धता दोनों स्तरों पर सुदृढ़ करेगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ती बुज़ुर्ग आबादी को ध्यान में रखते हुए 1.5 लाख जेरियाट्रिक केयरगिवर्स के प्रशिक्षण का प्रावधान सामाजिक स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तो वहीं कैंसर एवं दुर्लभ रोगों की दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट आम मरीजों के लिए उपचार को अधिक किफायती बनाएगी।
इसके अतिरिक्त, बायोफार्मा एवं बायोलॉजिक्स के घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने हेतु किया गया निवेश भारत को स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगा और नई रोज़गार संभावनाएँ भी सृजित करेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में बायोफार्मा एवं बायोलॉजिक्स के घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने की पहल से उन्नत दवाओं, वैक्सीन और उपचार तकनीकों की उपलब्धता बढ़ेगी और नए रोजगार का सृजन होगा।
उन्होंने कहा कि समग्र रूप से यह बजट स्वास्थ्य क्षेत्र में मानव संसाधन, अधोसंरचना और नवाचार को सशक्त करते हुए स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत की मज़बूत नींव रखता है जिसके लिए केंद्र सरकार बधाई की पात्र है।










