सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल के समस्त लोगों की मांग को मद्देनज़र रखते हुए पूर्व भाजपा सरकार के दौरान तत्कानील मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वर्ष 6 दिसम्बर 2021 को मुल्थान में लघु सचिवालय की नींव पत्थर रखा था। जिसके चलते गत वर्ष इसका निर्माण कार्य शुरू होकर अब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इस समय इसका निर्माण कार्य जोरों पर चला हुआ है तथा बहुत जल्द कार्य पूर्ण होने पर लोकार्पण कर दिया जाएगा।
स्थानीय निवासियों को अब विभिन्न कार्यों को निपटाने के लिए घाटी से साठ से अस्सी किलोमीटर दूर बैजनाथ नहीं जाना पड़ेगा। इस लघु सचिवालय के बन जाने से छोटाभंगाल के लोगों को एक ही छत के नीचे कई सरकारी सेवाओं की सुविधा आसानी से मिल जाएगी। वहीँ साथ लगती चौहार घाटी के लोगों को भी अपने कई छोटे- छोटे कार्यों को निपटाने में आसानी हो जाएगी। क्योंकि एसडीएम, तहसील और राजस्व जैसे कार्यालय यहां कार्य करना शुरू कर देंगे। इस दुर्गम घाटी में लघु सचिवालय के निर्माण करने का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना और घाटीवासियों को बेहतर सुविधा प्रदान करना है।










