सुरभि न्यूज़
मंडी/कुल्लू, 16 फरवरी
कुल्लू कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा IX एवं XI के विद्यार्थियों ने 15 फ़रवरी 2026 को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मंडी (कमांड परिसर) में एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण एवं कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम आईआईटी मंडी के गणितीय एवं सांख्यिकी विज्ञान विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पूरे दिन विविध शैक्षणिक गतिविधियाँ एवं कार्यशालाएँ आयोजित की गईं। विभाग के चेयरपर्सन, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसरों, पीएचडी स्कॉलर्स तथा बी.टेक. छात्रों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें उच्च शिक्षा, शोध एवं नवाचार के विभिन्न आयामों से परिचित कराया।
विद्यार्थियों को आईआईटी मंडी के उत्तर एवं दक्षिण दोनों जोन के परिसर का भ्रमण करवाया गया तथा अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन कराया गया।
इस दौरान छात्रों ने अपने द्वारा तैयार वैज्ञानिक एवं गणितीय मॉडलों का भी प्रदर्शन किया तथा विशेषज्ञों से संवाद स्थापित कर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इंटरैक्टिव सत्रों में विद्यार्थियों नेo विभिन्न शैक्षणिक धाराओं, करियर विकल्पों तथा शोध अवसरों के बारे में विस्तार से जाना।
आईआईटी के छात्रों के साथ प्रत्यक्ष संवाद ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं, तैयारी की रणनीतियों और तकनीकी शिक्षा के वातावरण की वास्तविक समझ प्रदान की। यह शैक्षिक कार्यशाला एवं भ्रमण कक्षा IX एवं XI के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ।
विद्यार्थियों को आईआईटी के शैक्षणिक वातावरण, अनुसंधान संस्कृति और नवाचार की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिला, जिससे उनके भविष्य के करियर निर्माण के प्रति नई प्रेरणा जागृत हुई।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने आईआईटी मंडी के संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।















