आईएएस अनुराग चन्द्र शर्मा ने उपायुक्त कुल्लू का संभाला पदभार, सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारना प्राथमिकता

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 18 फरवरी
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2016 बैच के अधिकारी अनुराग चन्द्र शर्मा ने बुधवार को उपायुक्त कुल्लू के रूप में पदभार सम्भाल लिया है। उनके कुल्लू आगमन पर अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना रहेगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला बागवानी और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था वाला जिला है, इसलिए इन दोनों क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मजबूत और समन्वित टीम वर्क के माध्यम से सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि विकास का लाभ हर वर्ग तक पहुँचे। उन्होंने बताया कि वे पूर्व में भी कुल्लू जिले में उप-मंडलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में सेवाएँ दे चुके हैं, जिससे यहां की भौगोलिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं।
उन्होंने कहा कि हाल के समय में जिन क्षेत्रों में नुकसान हुआ है, वहां स्थिति का आकलन कर उसकी गंभीरता का मूल्यांकन एवं समुचित समीक्षा की जाएगी, ताकि राहत एवं पुनर्वास के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *