घरों के आगे बिजली की नंगी सर्विस तारों से हो सकता है बड़ा हादसा, शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

छविन्द्र शर्मा, आनी

करसोग क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से स्थानीय लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। दुरवर्ति क्षेत्र चवासी के गाँव तुमन में घरों के आगे नंगी सर्विस तारें लटक रही हैं और कई स्थानों पर विभाग द्वारा मोटी बिजली केबल सीधे घरों की ग्रिलों पर टांग दी गई है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात और नमी के मौसम में इन नंगी तारों से करंट फैलने का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिवारों में भय का माहौल बना हुआ है।

प्रभावित लोगों में राजू शर्मा, सीआर शर्मा. घनश्याम शर्मा, मीना राम शर्मा और नारायण दास ने विभाग के इस रवैये पर गहरा रोष जताया है। उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग को मौखिक और लिखित रूप से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने और आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर जल्द से जल्द नंगी तारों को सुरक्षित तरीके से बदला जाए और ग्रिलों पर टांगी गई केबल को उचित पोल या सपोर्ट के माध्यम से व्यवस्थित किया जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *