जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र कुल्लू दिव्यांगता पुनर्वास आकलन शिविर में 97 लोगों ने लिया भाग 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 25 फरवरी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित एवं जिला रेडक्रॉस कुल्लू द्वारा संचालित जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र कुल्लू द्वारा दिनांक 23 तथा 24 फ़रवरी 2026 को कुल्लू विकास खण्ड की ग्राम पंचायत कोठी सारी, बस्तोरी डुगीलग तथा मझाट में दिव्यांगजनों (60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों) हेतु पुनर्वास आकंलन शिविर का आयोजन किया गया।
यह जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर ने बताया कि इन शिविरों में 97 लोगों ने भाग लिया तथा 14 ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया जिनमे विकलांगता के लक्षण पाए गए तथा उन्हें अपनी विकलांगता के आकलन हेतु 28 फ़रवरी 2026 को जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड के समुख प्रस्तुत होने की सलाह दी गयी।
शिविरों में 26 प्रमाणित दिव्यांगजनो के पुनर्वास आकंलन करते हुए 15 दिव्यांगजनों को निशुल्क बैसाखियों, सुगम्य केन, कान की मशीन तथा चलने की छड़ियो के लिए चिन्हित करते हुए मौके पर मामले तैयार किए गए। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु के 15 व्यक्तियों को सुनने तथा चलने में समस्या होने पर उन्हें निशुल्क कान की मशीन तथा चलने की छड़ी के लिए चिन्हित किया गया और उनके मामले मोके पर तैयार किए गए।
शिविर में केंद्र/राज्य सरकार द्वारा विकलांगों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं/ कार्यक्रमों तथा स्वयं रोजगार स्थापित करने हेतु विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। जिसमें 7 दिव्यांगजनों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने में अपनी रुचि दिखाई तथा उन्हे इस संबंध में वांछित औपचारिकताए पूर्ण करने की जानकारी दी गई।
इन शिविरों में विकलांगता की शीघ्र पहचान तथा रोकथाम, ज़िला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए एक 6 वर्ष से कम आयु के एक बच्चे को चिन्हित किया गया जिसके विकास में देरी पाई गई। इस बच्चे के अभिभावक को ज़िला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र, कुल्लू में स्पीच थेरेपी और विशेष शिक्षा लेने की सलाह दी गई। इन शिविरों में संबंधित ग्राम पंचायतो के सचिव, आशा वर्कर तथा आंगनवाड़ी वर्करों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *