सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 26 फरवरी
सहायक अभियंता इंजीनियर अमन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (HPSEBL) ने उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बिल भुगतान, नए कनेक्शन के लिए आवेदन, नाम या लोड परिवर्तन आदि जैसी सेवाएं प्रदान करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल, मोबाइल एप्लिकेशन और कैश काउंटरों के माध्यम से कंप्यूटरीकृत बिलिंग प्रणाली लागू की है। इन डिजिटल प्रणालियों के माध्यम से लेनदेन की निर्भरता और मात्रा में भारी वृद्धि हुई है।
मौजूदा आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर (IT Infrastructure) 10 साल पहले स्थापित किया गया था, इसलिए यह वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसलिए उपभोक्ताओं को सेवाओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और बिल जनरेशन एवं भुगतान प्रणालियों को बेहतर बनाने के लिए, कंप्यूटरीकृत बिलिंग प्रणाली के आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सिस्टम अपग्रेडेशन से संबंधित सभी गतिविधियाँ पूरी कर ली गई हैं, परन्तु मौजूदा सिस्टम से अपग्रेड किए गए सिस्टम में डेटा माइग्रेट करने के लिए 27 फ़रवरी से 03 मार्च 2026 तक डाउनटाइम (Downtime) निर्धारित किया गया है।
निर्धारित डाउनटाइम के दौरान, उपभोक्ता पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन सहित संपूर्ण कंप्यूटरीकृत बिलिंग और संग्रहण प्रणाली जनता के लिए उपलब्ध नहीं रहेगी। अपग्रेड की गतिविधियाँ पूरी होने के बाद, बिल जनरेशन एवं भुगतान प्रणालियों का संचालन बेहतर निष्पादन और दक्षता के साथ फिर से शुरू हो जाएगा।
इस अवधि के दौरान किसी भी सहायता या बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए, उपभोक्ता कॉल सेंटर हेल्पलाइन नंबर 1800-180-8060 या 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।










