जागरण संवाद केंद्र, जोगेंद्रनगर : अरठी गांव के समीप अपर गरोडू में स्वास्थ्य कार्यकर्ता (आशा) की हत्या कर दी गई। शव घर के पास ही नाले में मिला। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान 40 वर्षीय मनी देवी पत्नी जगदीश कुमार निवासी भजेरा दुब्बल के रूप में हुई है। वह अपर गरोडू में किराये के कमरे पर रहती थी। मंगलवार रात को उसका देवरानी के साथ विवाद हो रहा था। हिरासत में लिए पंकज और अजय ठाकुर भी मौके पर पहुंचे थे।
मंगलवार देर रात को पुलिस को महिला के नाले में गिरने की सूचना मिली थी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार भी बुधवार सुबह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार घटनास्थल पर झगड़ा और मनी देवी को धक्का देने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मनी देवी की देवरानी से बनती नहीं थी। मंगलवार रात को भी वह किसी विवाद के चलते देवरानी के घर चली गई और शोर सुनकर पंकज और अजय ठाकुर
वहां आ गए। इसी बीच बात बढ़ गई और बाद में महिला घायल हालत में नाले में गिरी हुई मिली।
उधर डीएसपी पद्धर देवराज और एसएचओ सकीनी कपूर ने दिन भर मामले की गहनता से जांच के बाद अजय ठाकुर और पंकज को गिरफ्तार किया है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही महिला की मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।
दो लोग गिरफ्तार, किराये के कमरे में रहती थी मनी देवी
देवरानी के साथ विवाद ने लिया भयानक रूप
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य नेरचौक में हुआ पोस्टमार्टम
जोगेंद्रनगर में महिला की मौत मामले में घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाती पुलिस की टीम के साथ एसपी विनोद कुमार जागरण









