सुरभि न्यूज़
परस राम भारती, बंजार
जिला कुल्लू उपमंडल बंजार के जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन (JVTDA) में नई कार्यकारिणी गठन के लिए 7 मार्च 2026 को सामान्य चुनाव आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी चुनाव समिति द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 3 मार्च 2026 तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 तय की गई है। मतदान प्रक्रिया 7 मार्च को प्रातः 11:00 बजे एसोसिएशन के कार्यालय जिभी में संपन्न होगी।
चुनाव समिति ने बताया कि प्रत्येक उम्मीदवार केवल एक ही पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है। इसके अलावा, वही सदस्य चुनाव लड़ने और मतदान करने के पात्र होंगे, जिनकी सदस्यता शुल्क पूरी तरह जमा है और जो पिछले तीन वर्षों से नियमित व सक्रिय सदस्य हैं। मतदान गुप्त मतपत्र के माध्यम से कराया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
चुनाव आयुक्त जगदीश चंद और मुख्य चुनाव आयुक्त संदीप कंवर ने सभी सदस्यों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता, पारदर्शिता और गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी चुनाव से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र में पर्यटन विकास को और गति मिलेगी।











