बाबा कल्याण दास ट्रस्ट की बैठक हनुमान टीला बिलासपुर में आयोजित, विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों के विकास कार्यों की समीक्षा 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

चांदपुर, बिलासपुर : सुरेन्द्र मिन्हास

बाबा कल्याण दास ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष राम लाल ठाकुर की अध्यक्षता में हनुमान टीला, बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक में ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित विभिन्न मंदिरों, आश्रमों तथा धर्मशालाओं के प्रबंधन, रखरखाव एवं विकास कार्यों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

प्रेस प्रतिनिधि सुरेन्द्र मिन्हास कहलूरी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे वृंदावन आश्रम, हरिद्वार आश्रम, नैमिसरण् आश्रम, सोलग आश्रम तथा मंडी जिले के कांगनी मंदिर में मरम्मत एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। ट्रस्ट अध्यक्ष ने सभी ट्रस्ट सदस्यों के साथ इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धार्मिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

उन्होंने बताया कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्री श्री 1008 बाबा कल्याण दास जी महाराज जी काले बाबा की पुण्यतिथि 25 अप्रैल को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस पावन अवसर पर हनुमान टीला बिलासपुर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा जो 19 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक होगा, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त करेंगे। इसके अतिरिक्त सोलग आश्रम में भी मूल भागवत पाठ का आयोजन किया जाएगा, ताकि भक्तजन भगवान की कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि बिलासपुर स्थित हनुमान टीला में काले बाबा जी की समाधि भी स्थापित है, जो श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इस पवित्र स्थल को और अधिक विकसित करने के उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जा रहे हैं। ट्रस्ट द्वारा मंदिर परिसर का संपूर्ण जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत परिसर की बाड़बंदी का कार्य, व्यास ऋषि एवं काले बाबा जी की विशाल एवं आकर्षक मूर्तियों का निर्माण, मंदिर परिसर तक सड़क निर्माण, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालयों का निर्माण, पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वर्तमान में सोशल मीडिया मे ट्रस्ट की अनुमति के बिना काले बाबा जी के फोटो A I द्वारा एडिट कर पोस्ट न डाले। कोई भी व्यक्ति या श्रद्धालु बाबा जी की फोटो सोशल मीडिया मे एडिट कर के पोस्ट करता है तो उसके प्रति कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने कहाकि इन विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य हनुमान टीला को एक प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे शांतिपूर्ण एवं पवित्र वातावरण में पूजा-अर्चना, साधना तथा अन्य धार्मिक गतिविधियां संपन्न कर सकें।

बैठक में ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए तथा धार्मिक स्थलों के विकास और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई सुझाव दिए। सभी सदस्यों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि ट्रस्ट के अंतर्गत आने वाले सभी मंदिरों और आश्रमों का संरक्षण, संवर्धन और विकास निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इन पवित्र स्थलों की आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ी रह सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *