सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
शिक्षा और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली जिला मंडी की बल्ह घाटी के बड़सू गांव की शिक्षिका निशा ठाकुर को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए प्रतिष्ठित हिमाचल अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में आयोजित समारोह के दौरान सामाजिक संस्था डी डॉल्फिन फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया गया।
वर्तमान में निशा ठाकुर चौहार घाटी के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरोट में हिंदी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। वह शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करने के लिए उनके प्रयास उल्लेखनीय माने जाते हैं।
निशा ठाकुर का मानना है कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं होते, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होती है। उनके अनुसार वर्तमान समय में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना सबसे बड़ी सामाजिक चुनौती है और इसके लिए जागरूकता व शिक्षा दोनों का संगम जरूरी है।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि करौनाकाल के दौरान जब विद्यालय बंद थे, तब उन्होंने डिजिटल माध्यमों का सहारा लेते हुए यूट्यूब के जरिए विद्यार्थियों को हिंदी विषय का ऑनलाइन शिक्षण प्रारंभ किया। उस समय यह पहल न केवल विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हुई, बल्कि शिक्षा जगत में उनकी एक अलग पहचान भी बनी।
आज भी वह ऑनलाइन शिक्षण के साथ-साथ समाज कल्याण के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं। उनके इसी समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता को देखते हुए डी डॉल्फिन फाऊंडेशन ने उन्हें हिमाचल अचीवर अवार्ड से सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद निशा ठाकुर ने इस उपलब्धि को समाज और विद्यार्थियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी का प्रतीक बताते हुए डी डॉलफिन संस्था का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।











