सुरभि न्यूज़
चांदपुर, बिलासपुर
कल्याण कला मंच बिलासपुर ने बिलासपुर जिला के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे सभी नलवाड़ी मेले को राष्ट्रीय स्तर पऱ आयोजित करवाने के लिए सार्थक प्रयास करें।
कल्याण कला मंच बिलासपुर के निदेशक सुरेन्द्र मिन्हास कहलूरी ने कहा कि जहां प्रदेश के दशहरा, शिवरात्रि, मिंजर और लवी मेले अंतरराष्ट्रीय दर्जा प्राप्त कर चुके हैं वहीं इन से भी पुराना बिलासपुर का नलवाड़ी मेला अभी तक राज्य स्तर तक ही आयोजित किया जा रहा है। लगभग 150 वर्षों से शुरू हुआ ये मेला जहां अपनी वर्तमान स्थिति पर आंसू बहा रहा है वहीं जिला के नेताओं और अधिकारियों की नजरे इनायत के लिए भी ताक रहा है।
अंग्रेजों के समय और राजाओं के काल खंड से शुरू हुआ ये नलवाड़ी मेला विशेष तौर से पशुओं के क्रय विक्रय से संबंधित था जो समय के बदलाव के साथ साथ वर्तमान में मनुष्यों और पशुओं का मिला जुला मेला बन चुका है।
मिन्हास ने जिला भर के सभी राजनीतिक दलों, नेताओं, स्वयं सेवी संस्थाओं, बुद्धि जीवियों और विद्वानों से आह्वान किया है कि अपने अपने स्तर पर नलवाड़ी मेले को राष्ट्र स्तरीय दर्जा दिलवाने के लिए एक मुहिम चलाई जाए जिससे ये मेला राष्ट्र स्तरीय दर्जा प्राप्त कर सके।










