जिला कुल्लू में पारदर्शिता से हो रहा गैस सिलेंडर वितरण – अनुराग चन्द्र शर्मा

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 20 मार्च
मौजूदा स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन कुल्लू द्वारा गैर-घरेलू (NDNE) वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडरों के वितरण को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में राज्य सरकार द्वारा जारी वाणिज्यिक एलपीजी वितरण नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में समिति के सदस्य पुलिस अधीक्षक मदान लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर, उप निदेशक शिक्षा देश राज, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शिव राम एवं अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।
उपायुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुसार गैस सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं एवं संस्थानों के निर्धारित मापदंड के अनुरूप चयन करने के निर्देश ताकि आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि गैस वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं जवाबदेह होनी चाहिए।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को संयुक्त रूप से निगरानी एवं निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला कुल्लू की वर्तमान स्थिति की व्यापक समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपायुक्त ने आम जनता से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग न करें, जमाखोरी से बचें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *