Listen to this article
सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह 2026 बड़े उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों का उत्सव बना।
इस अवसर पर इसी महाविद्यालय से सेवानिवृत हुए प्रोफेसर डॉ. भाग चंद ठाकुर मुखयातिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनमोल ने मुख्यातिथि व उनके साथ आये अन्य विशिष्ट अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। विशेष अतिथि राजेश कुमार एवं महाविद्यालय कमेटी के पूर्व प्रधान सीता राम ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस मौके पर प्रो. ऋषभ चौहान, सुनील कुमार, सरन सिंह उपस्थित रहे।
इस समारोह का मुख्य आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना रहा। शैक्षणिक, खेल तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यातिथि पूर्व प्रोफेसर भाग चन्द ठाकुर द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में मुख्यातिथि. भाग चंद ठाकुर ने विद्यार्थियों को नए अवसरों की खोज करने, नवाचार अपनाने और पारंपरिक सीमाओं से बाहर निकलकर सोचने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के लिए “प्रतियोगिता दर्पण” पत्रिका को महाविद्यालय के लिए 5 बर्ष तक देने कि घोषणा की। जो विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक सिद्ध होगी।
विशेष अतिथि राजेश ने भी विद्यार्थियों के हित में सराहनीय पहल करते हुए महाविद्यालय पुस्तकालय के लिए ₹11,000 की धनराशि देने की घोषणा की। जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, उत्साह और नए संकल्पों का स्रोत बनकर यादगार बन गया।












