सुरभि न्यूज़, कुल्लू : जिला मुख्यालय सदर थाना कुल्लू में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप पहुंच गया, जब एक महिला तीन मंजिला थाना भवन की छत से कूद पड़ी। लेकिन गनीमत यह रही कि महिला थाने के प्रांगण में गिरने के बजाय ऊपर बालकनी में गिरी। जिसकी वजह से उसे चोटें आई, लेकिन जान बच गई।
वहीं, इस घटना से कुल्लू सदर थाने में तैनात दर्जन से ज्यादा कर्मचारियों की चौकसी पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। जिन्हें यह भी पता नहीं चल पाया कि एक महिला तीन मंजिला थाना भवन की छत पर कैसे पहुंच गई। वहां से वह अपने पति को छोड़ने की गुहार लगाती रही। लेकिन इस बीच संभवतः उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे बालकनी में जा गिरी।
हालांकि इस दौरान पुलिस ने अग्निशमन कर्मचारियों को भी रेस्क्यू के लिए बुला लिया था। लेकिन महिला सुरक्षित स्थान पर उतरने के लिए तैयार नहीं थी। गौरतलब है कि भारी चहलपहल वाला कुल्लू सदर थाना भवन तीन मंजिला है। जहां तीसरी मंजिल पर कर्मचारियों के क्वार्टर भी है। उसके बावजूद महिला थाने की छत पर जा पहुंची।
लेकिन थाने में बड़ी संख्या में तैनात पुलिस कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। जिससे साफ होता है कि कुल्लू सदर थाना में तैनात पुलिस कर्मचारी पूरी तरह से लापरवाही बरतते हैं।हैरत इस बात की है कि छत पर जाने के रास्ते का महिला को पहले से कतई जानकारी नहीं थी। उसके बावजूद भी वह थाना भवन की छत पर जा पहुंची। लेकिन थाने में तैनात पुलिस कर्मचारियों को उसकी कोई जानकारी नहीं हो पाई।
वहीं पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक रविवार को सुबह लगभग 10 बजे प्रातः 30 वर्षीय विकास बोध निवासी गांव चौकी डोभी, डाकघर पूईद, तहसील एवं जिला कुल्लू को धारा 126/170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक दोपहर सवा बारह बजे उस व्यक्ति की पत्नी रीतू बोध, मूल निवासी पश्चिम बंगाल, थाना में अपने पति से मिलने के लिए पहुंची। जिस पर उसे कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया गया कि उसके पति का मेडिकल परीक्षण कर उसे हवालात में रखा गया है।
उसे नियमानुसार अगले दिन एसडीएम की अदालत में पेश किया जाएगा। इसके उपरांत वह थाना परिसर से बाहर चली गई। कुछ समय पश्चात थाना भवन की छत से एक मोबाइल फोन थाने के प्रांगण में गिरा। जिससे पुलिस कर्मियों को पता चला कि रीतू बोध छत पर मौजूद है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया तथा थाना स्टाफ एवं फायर ब्रिगेड टीम द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। रेस्क्यू के दौरान रीतू बोध अपने पति को छोड़ने की मांग कर रही थी।
मौके पर उपस्थित कर्मचारियों द्वारा उसे शांत रहने एवं सुरक्षित स्थान पर आने के लिए समझाया गया तथा उसे आश्वस्त किया गया। लेकिन इसी दौरान वह असंतुलित होकर छत से फिसलते हुए दूसरी मंजिल की बालकनी में गिर गई।
तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सीढ़ी के माध्यम से सुरक्षित नीचे उतारा गया और प्राथमिक उपचार हेतु क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान उसके शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई, हालांकि वह नशे की स्थिति में पाई गई।
पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम में तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए महिला को सुरक्षित बचाया गया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही जारी है।











