Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 25 मार्च
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने आज करगा के समीप बीआरओ के श्रमिक शिविर का दौरा कर वहां कार्यरत मजदूरों एवं उनके नाबालिग बच्चों के कल्याण का जायजा लिया।
उपायुक्त ने जिला बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO) तथा उनकी टीम को निर्देश दिए कि श्रमिकों के बच्चों के लिए उचित शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बीआरओ अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि इन बच्चों को नजदीकी स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए तथा उनका विधिवत नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त, बच्चों की पहचान एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित दिशा-निर्देश भी जारी किए गए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. हीरा नंद, बाल कल्याण समिति के सदस्य हीरा लाल एवं जोगिंदर भी उपस्थित रहे।











