सुरभि न्यूज़
परस राम भारती, तीर्थन घाटी गुशेनी
जिला कुल्लू की तीर्थन घाटी के नागनी खेल मैदान में आज शेर-ए-सराज मेमोरियल कप 2026 सीजन-3 का भव्य और रंगारंग शुभारम्भ हुआ। यह क्रिकेट प्रतियोगिता बंजार क्षेत्र के पूर्व विधायक, प्रकृति प्रेमी और लेखक स्वर्गीय दिले राम शबाब की स्मृति में आयोजित की जा रही है। इसका शुभारम्भ आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग दहिया द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अनुराग दहिया और उनकी धर्मपत्नी के पारंपरिक स्वागत से हुई। स्थानीय आयोजकों और युवाओं ने उन्हें हिमाचली टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास संघ के अध्यक्ष वरुण भारती, पर्यटन कारोबारी एवं समाजसेवी अजय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस उद्घाटन समारोह में राष्ट्रगान के बाद स्वर्गीय दिले राम शबाब को श्रद्धांजलि दी गई। महिला मण्डल दाढ़ी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के साथ पूरे मैदान में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम में शामिल हुए।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अनुराग दहिया ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सबसे अच्छा माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि छोटे गांवों से ही बड़े खिलाड़ी निकलकर देश और दुनिया में नाम रोशन करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र में खेल और पर्यटन दोनों को बढ़ावा देते हैं। इन्होंने सभी टीमों और आयोजकों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु शुभकामनायें दी है।
इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार मैचों की शुरुआत हुई। सबसे पहले मुकाबले में महावीर अवतार जिभी और कारोबारी इलेवन के बीच मैच खेला गया, जिसमें जिभी की टीम विजेता रही। इसके बाद हॉर्नी इलेवन और हंसपुरी इलेवन पेखड़ी के बीच दूसरा मुकाबला हो चला है, जिसमें खिलाडी शानदार प्रदर्शन कर रहे है।
इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें पुरुष वर्ग के साथ-साथ महिला वर्ग की टीमें भी भाग ले रही हैं। कुल मिलाकर लगभग 64 पुरुष टीमों और 10 महिला टीमों की भागीदारी से यह आयोजन और भी आकर्षक बनेगा।
प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि यह प्रतियोगिता करीब एक माह तक चलेगी। विजेता टीम को 1,11,111 रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 55,555 रुपये नकद और कप प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच, बेस्ट खिलाड़ी सहित कई आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि स्वर्गीय दिले राम शबाब 1967 से 1977 तक लगातार दो बार विधायक रहे और “शेर-ए-सराज” के नाम से प्रसिद्ध थे। उन्होंने तीर्थन घाटी को हाइडल परियोजनाओं से बचाने और यहां पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी दूरदर्शी सोच के कारण ही आज यह क्षेत्र पर्यटन के रूप में विकसित हो पाया है।
स्थानीय युवाओं द्वारा उनकी स्मृति को सजीव रखने के लिए हर वर्ष इस मेमोरियल कप का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन के माध्यम से जहां एक ओर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का सराहनीय प्रयास भी किया जा रहा है।














